अमृतसर में छह लोगों की चिताएं एक साथी जलीं तो श्मशानघाट में आंसुओं का सैलाब बह निकला। हादसा, हिमाचल में हुआ था।
बीते दिन हिमाचल प्रदेश स्थित माता चिंतपूर्णी से माता ज्वालामुखी जी के दर्शन को जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस पलट गई थी। हादसे में मरने वाले 7 लोगों में से 6 लोग अमृतसर के थे।
अमृतसर के छेहर्टा निवासियों को नहीं पता था कि शाम होते-होते उनके घरों में मातम का माहौल पसर जाएगा। रविवार सुबह 5.30 बजे बस 42 यात्रियों को लेकर रवाना हुई थी। सभी यात्री माता ज्वाला जी के मंदिर जा रहे थे कि बस खाई में जा गिरी।
हादसे में करीब 7 लोगों की मौत हो गई जबकि 35 लोग घायल हो गए। आज जैसे ही 6 लोगों के शव अमृतसर उनके घर पहुंचे तो चारों ओर चीख-पुकार मच गई। श्मशान घाट में सभी 6 श्रद्धालुओं का अंतिम संस्कार किया गया।
हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों से नम आंखों से उन्हें अंतिम विदायगी दी। इस मौके पर भाजपा नेता अनिल जोशी भी पहुंचे। उन्होंने भी पीड़ित परिवार के साथ सांत्वना व्यक्त की।