Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Madhya Pradesh ›   Bhopal News ›   MP: 115 New Assembly Seats Likely, Urban Electoral Map to Change; BJP-Congress Face Ticket Challenges

एमपी में 115 नई विधानसभा सीटें!: बड़े शहरों में बदलेगा चुनावी नक्शा, भाजपा-कांग्रेस में बढ़ेगी टिकट की टेंशन

Sat, 28 Nov 2026 06:19 PM IST
Anand Pawar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल Published by: Anand Pawar Updated Sat, 28 Nov 2026 06:19 PM IST
सार

मध्यप्रदेश में परिसीमन के प्रस्ताव से चुनावी राजनीति का पूरा गणित बदल सकता है। लोकसभा की 29 से 44 और विधानसभा की 230 से 345 सीटें होने का अनुमान है। इससे महिलाओं को प्रतिनिधित्व बढ़ने के साथ भाजपा-कांग्रेस में टिकट के दावेदारों की संख्या भी बढ़ेगी।

विज्ञापन
MP: 115 New Assembly Seats Likely, Urban Electoral Map to Change; BJP-Congress Face Ticket Challenges
परिसीमन के बाद बढ़ने वाली सीटों के आंकड़े संभावित हैं। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

केंद्र सरकार परिसीमन के जरिए लोकसभा सीटों की संख्या 50 फीसदी तक बढ़ाने की तैयारी में है। देश में लोकसभा और विधानसभा की सीटें 50 प्रतिशत तक बढ़ाने के प्रस्ताव का असर मध्यप्रदेश पर भी पड़ेगा। प्रस्तावित फॉर्मूले के तहत प्रदेश में लोकसभा की मौजूदा 29 सीटें बढ़कर 44 हो सकती हैं। वहीं, विधानसभा की 230 सीटों की संख्या बढ़कर 345 होने का अनुमान है। हालांकि, सीटों की वास्तविक संख्या परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। दरअसल, शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट ने परिसिमन संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी। इससे सभी राज्यों की सीटों में 50 प्रतिशत तक की वृद्धि होगी। इससे महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता साफ होगा। 

विज्ञापन


ये भी पढ़ें-  एमपी: आर्मी डे पर भोपाल आएंगे तीनों सेनाओं के 4000 से अधिक जवान, टैंक-ड्रोन और एयर शो होंगे आकर्षण
विज्ञापन


लोकसभा में 15 और विधानसभा में 115 सीटें बढ़ने का अनुमान
प्रस्तावित 50 प्रतिशत वृद्धि के फॉर्मूले के अनुसार मध्यप्रदेश में लोकसभा की सीटें 29 से बढ़कर 44 हो सकती हैं। यानी प्रदेश को 15 अतिरिक्त लोकसभा सीटें मिल सकती हैं। इसी तरह विधानसभा की मौजूदा 230 सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि होने पर इनकी संख्या 345 हो जाएगी। इससे प्रदेश में 115 नए विधानसभा क्षेत्र बन सकते हैं। सीटों की संख्या बढ़ने से राजनीतिक दलों के चुनावी समीकरण और प्रतिनिधित्व का गणित भी बदल जाएगा। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर जैसे बड़े शहरों के चुनावी नक्शे और राजनीतिक समीकरण भी बदल सकते हैं। नए विधानसभा क्षेत्र बनने से राजनीतिक दलों में टिकट के दावेदार बढ़ेंगे, वहीं मौजूदा नेताओं को भी अपनी राजनीतिक जमीन नए सिरे से तैयार करनी पड़ सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन


ये भी पढ़ें- एमपी: डीजीपी कैलाश मकवाना की विदाई परेड की तैयारियां रुकीं, सेवा विस्तार के आदेश का इंतजार

महिलाओं के लिए आरक्षण का रास्ता
सीटों में वृद्धि का एक बड़ा उद्देश्य महिला आरक्षण को प्रभावी तरीके से लागू करना है। विधानसभा की संभावित 345 सीटों में 33 प्रतिशत के हिसाब से करीब 115 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं। इसी तरह लोकसभा की 44 सीटों में करीब 15 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। इसमें एससी-एसटी वर्ग की महिलाओं का आरक्षण भी शामिल होगा। आरक्षित सीटों का निर्धारण और उनका रोटेशन परिसीमन आयोग की प्रक्रिया के तहत होगा। इससे प्रदेश की राजनीति में महिला उम्मीदवारों की संख्या बढ़ेगी और राजनीतिक दलों को नए महिला नेतृत्व को आगे लाना होगा। 

ये भी पढ़ें- एमपी: प्रदेश सरकार एक दिसंबर को लेगी 1500 करोड़ का कर्ज, पूंजीगत खर्च एक लाख करोड़ के पार होने का अनुमान
 
बड़े शहरों के बदलेंगे राजनीतिक समीकरण
सीटों की संख्या बढ़ने का सबसे बड़ा असर बड़े शहरी क्षेत्रों में दिखाई दे सकता है। जैसे भोपाल में गोविंदपुरा, हुजूर, नरेला और भोपाल मध्य जैसे क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव हो सकता है। इसी तरह इंदौर में इंदौर-1 से इंदौर-5, राऊ और सांवेर के क्षेत्र नए सिरे से व्यवस्थित किए जा सकते हैं। बड़े निर्वाचन क्षेत्रों के छोटे हिस्सों में बंटने से स्थानीय स्तर पर सक्रिय नेताओं को चुनाव लड़ने का मौका मिल सकता है। अभी एक विधानसभा क्षेत्र में कई शहरी और ग्रामीण इलाके शामिल हैं। परिसीमन के बाद इनका भौगोलिक और आबादी के आधार पर पुनर्गठन हुआ तो अलग-अलग सामाजिक और जातीय समीकरणों वाले नए क्षेत्र सामने आएंगे। इससे भाजपा और कांग्रेस दोनों के सामने नए उम्मीदवारों की तलाश और पुराने नेताओं के बीच दावेदारी का दबाव बढ़ेगा। कई मौजूदा विधायकों के क्षेत्र दो हिस्सों में बंट सकते हैं। ऐसे में उन्हें यह तय करना होगा कि नए बने किस क्षेत्र में उनकी राजनीतिक पकड़ ज्यादा मजबूत है। इन शहरों में महिलाओं का आरक्षण के अनुसार सीटें भी आरक्षित होगी। 

ये भी पढ़ें- एमपी: भोपाल एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान की सुरक्षा में चूक, प्रॉटोकॉल के नियमों का पालन नहीं किया

छोटे निर्वाचन क्षेत्रों में बढ़ेगा स्थानीय मुद्दों का महत्व
अभी कई विधानसभा क्षेत्रों का दायरा काफी बड़ा है। इनमें शहरी कॉलोनियों से लेकर ग्रामीण इलाके तक शामिल हैं। नए परिसीमन में क्षेत्र छोटे होने पर स्थानीय सड़क, पानी, बिजली, रोजगार, परिवहन और बुनियादी सुविधाओं जैसे मुद्दे ज्यादा प्रभावी हो सकते हैं। जातीय और सामाजिक समीकरण भी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बनेंगे। राजनीतिक दलों को केवल बड़े चेहरों के बजाय स्थानीय स्तर पर मजबूत नेताओं को प्राथमिकता देनी पड़ सकती है। 


ये भी पढ़ें- एमपी: 277 पुलिसकर्मियों को मिला डीजीपी प्रशस्ति रोल, मकवाना बोले- अच्छे काम का पुरस्कार तुरंत मिलना चाहिए

भाजपा-कांग्रेस के भीतर बढ़ेगी टिकट की दावेदारी
सीटें बढ़ने से दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के भीतर टिकट की दावेदारी का नया दौर शुरू हो सकता है। जिन नेताओं को मौजूदा क्षेत्रों में टिकट नहीं मिल पाता, उनके लिए नए निर्वाचन क्षेत्र अवसर बन सकते हैं। वहीं, मौजूदा सांसदों और विधायकों के सामने भी चुनौती होगी, क्योंकि उनके पुराने क्षेत्र की सीमाएं बदलने से समर्थकों और मतदाताओं का आधार प्रभावित हो सकता है।

भाजपा व्यक्ति नहीं, कार्यकर्ता आधारित पार्टी है 
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी बृज गोपाल लोया का कहना है कि परिसीमन और महिला आरक्षण को एक साथ लागू करना ऐतिहासिक कदम है। इससे महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रभावी प्रतिनिधित्व मिल सकेगा। सभी राज्यों में 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने से क्षेत्रीय असंतुलन की आशंका भी दूर होगी। भाजपा व्यक्ति आधारित नहीं, बल्कि विचार और कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। इसलिए मौजूदा सांसदों और विधायकों के क्षेत्रों में बदलाव से पार्टी को कोई असुविधा नहीं होगी। 

ये भी पढ़ें- एमपी: अब एक ही जन-परिचय पोर्टल पर लॉगिन से मिलेंगी सभी सरकारी सेवाएं, बार-बार पंजीयन से मिलेगी मुक्ति

प्रारूप आने के बाद प्रतिक्रिया देना उचित होगा 
कांग्रेस के मीडिया प्रभारी मुकेश नायक का कहना है कि अभी विधेयक की संक्षिप्तिका नहीं पढ़ी है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि किस राज्य में कितनी सीटें बढ़ेंगी। परिसीमन में सबसे महत्वपूर्ण बात भौगोलिक वर्गीकरण की होगी। यह देखना होगा कि कौन-सा क्षेत्र किस विधानसभा से अलग होकर स्वतंत्र निर्वाचन क्षेत्र बनेगा और वहां आबादी का अनुपात क्या होगा। इसी आधार पर राजनीतिक समीकरण तय होंगे। प्रारूप सामने आने के बाद ही इस पर प्रतिक्रिया देना उचित होगा। अभी कोई भी प्रतिक्रिया काल्पनिक होगी। 

ये भी पढ़ें-  एमपी: मंडला पर सांसद कुलस्ते और अपर सचिव मरकाम आमने-सामने, सीएमओ के अफसर ने पूर्व केंद्रीय मंत्री को घेरा

2011 की जनगणना को लेकर भी उठ रहे सवाल
राजनीतिक जानकार प्रभु पटैरिया का कहना है कि परिसीमन नई जनगणना के आधार पर होना चाहिए था, लेकिन अब 2011 की जनगणना के आधार पर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। बिना युक्तियुक्तकरण के पूरे देश में एक साथ 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने से कई नई मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। महिला आरक्षण के साथ एससी-एसटी वर्ग की आरक्षित सीटों का समीकरण भी बदलेगा। 2011 के बाद हुए जनसांख्यिकीय बदलावों के अनुपात में विभिन्न वर्गों को प्रतिनिधित्व मिलेगा या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

कब होगा बदलाव और क्या है प्रस्ताव?
केंद्रीय कैबिनेट ने 27 नवंबर को संविधान संशोधन विधेयक और परिसीमन से जुड़े नए प्रस्तावों को मंजूरी दी है। इनके तहत राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि और विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव है। परिसीमन में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं 2011 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर तय करने की बात है। राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात 2051 तक बनाए रखने का प्रस्ताव भी है। संसद में विधेयक पारित होने और आगे की संवैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिसीमन आयोग का गठन होगा। इसके बाद ही प्रदेश और जिलों में सीटों की वास्तविक संख्या तथा आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed