यूपी : प्रदेश में 5052 नए मरीज मिले, 10398 डिस्चार्ज, 22 की मौत, 41795 एक्टिव केस
प्रदेश में 24 घंटे में दो लाख 03 हजार 856 कोरोना टेस्ट किए गए, जिसमें 5052 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रदेश में बुधवार को 5052 नए मरीज मिले हैं, जबकि 10398 डिस्चार्ज हुए हैं। बीते 24 घंटे में 22 मरीजों की मौत हो गई है। अब 41795 एक्टिव केस हैं। प्रदेश में 24 घंटे में दो लाख 03 हजार 856 कोरोना टेस्ट किए गए, जिसमें 5052 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दम तोड़ने वाले 22 मरीजों में गौतमबुद्ध नगर, झांसी, वाराणसी, कानपुर नगर, मेरठ, गोरखपुर, आगरा, आजमगढ़, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, बस्ती, चंदौली, मऊ, श्रावस्ती में एक-एक और गाजियाबाद, बिजनौर, पीलीभीत, कुशीनगर में दो-दो मरीजों की मौत हुई है। इसी तरह नए मिले मरीजों में लखनऊ में 878, गौतमबुद्ध नगर में 312, झांसी में 197, गाजियाबाद में 175, प्रयागराज में 150, वाराणसी 160, लखीमपुर खीरी 187, कानपुर नगर 117, मेरठ 200, रायबरेली 107, बुलंदशहर 102 मरीज मिले हैं। अन्य जिलों में 100 से कम मरीज हैं।
बढ़ रहा टीकाकरण का ग्राफ
प्रदेश में अब तक 26 करोड़ 32 लाख 45 हजार से अधिक कोरोना वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी हैं। 10 करोड़ 40 लाख 47 हजार से अधिक लोगों को टीके की दोनों डोज देकर कोविड सुरक्षा कवच प्रदान किया जा चुका है। इस तरह लगभग 70.58 प्रतिशत लोग कोविड टीके की दोनों डोज ले चुके हैं। 14 करोड़ 79 लाख 47 हजार से अधिक लोगों ने कोविड वैक्सीन की पहली डोज प्राप्त कर ली है।
यह संख्या टीकाकरण के लिए पात्र प्रदेश की कुल आबादी की 100.35 प्रतिशत है। 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के 97 लाख 56 हजार से अधिक किशोरों ने कोविड वैक्सीन की प्रथम डोज तथा 38671 किशोरों ने द्वितीय डोज प्राप्त कर ली है। इसी तरह 14 लाख 55 हजार से अधिक पात्र लोगों ने प्रिकॉशन डोज भी प्राप्त कर ली है।
लखनऊ में 878 मरीज मिले, सबसे अधिक केस अलीगंज इलाके में मिले
लखनऊ में बुधवार को कोरोना संक्रमण का प्रसार अधिक मिला। राहत की बात यह रही कोरोना से किसी मरीज की जान नहीं गई। मंगलवार को जहां नये केस 698 रहे। वहीं बुधवार को यह संख्या 878 हो गयी। इस दौरान 1912 लोगों ने वायरस को मात दिया।
कोरोना के आंकड़ों में उतार चढ़ाव जारी है। बुधवार को भी संक्रमण बढ़ा। सबसे अधिक केस अलीगंज में152 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। बीते चौबीस घंटों में 362 महिलाएं भी कोरोना की चपेट में आ गयीं। बुधवार को चिनहट में 121, आलमबाग में 122, इन्दिरानगर में 87, सिल्वर जुबली में 60, सरोजनीनगर 60, एनके रोड 56, रेडक्रास 42 व टूडिय़ागंज में 26 कोरोना पॉजिटिव रोगी पाए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज अग्रवाल ने बताया कि कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग में 167 लोगों की पहचान की गयी। यह वे लोग थे जो किसी न किसी कोरोना संक्रमित रोगी के संपर्क में आए थे। शहर में दस हजार से अधिक लोगों की रोजाना जांच की जा रही है।
दूसरे राज्यों और जिलों से आने वाले 64 यात्रियों में भी कोविड संक्रमण पाया गया है। किसी में गंभीर लक्षण नहीं थे जिस कारण उन्हें होम आइसोलेशन में भेजा गया है। अस्पतालों में भर्ती 22 ऐसे लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं जिनकी सर्जरी होनी थी। ऑपरेशन से पहले जांच करने पर वह कोरोना पॉजिटिव मिले। इससे उनकी सर्जरी टाल कर आईसोलेशन में रखा गया है। हल्के कोरोना लक्षणों के साथ जांच कराने आए 235 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ गयी है। 31 हेल्थ वर्कर भी कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं। कमांड हॉस्पिटल आए 22 लोगों में संक्रमण मिला है।