बदमाशों ने काट दी थी सांस की नली, मौत से 16 दिन तक लड़ी ये बच्ची
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आधा गला बदमाशों ने रेत दिया था। सांस की नली और धमनियां तक कट गईं। यानी मौत के वो बेहद करीब पहुंच गई थी। 16 दिन वेंटिलेटर पर रही, पर हिम्मत नहीं हारी। आखिर डॉक्टरों की मेहनत रंग लाई और श्रुति डे जिंदगी की जंग जीत गई।
उसे अस्पताल से शनिवार को ही छुट्टी मिल गई। अब वो सामान्य जिंदगी जी सकेगी। डॉक्टर बोले-उसे इलाज और दवा के साथ लोगों की दुआएं काम आईं।
श्रुति महज 14 साल की बच्ची। इंदिरानगर में 29 जुलाई को घर में घुसे बदमाशों ने उसकी मां की हत्या कर दी। यही नहीं धारदार हथियार से उसका भी गला रेत दिया। बदमाश उसे मरा हुआ समझकर छोड़ गए। लोहिया अस्पताल के सीएमएस डॉ. ओंकार यादव बताते हैं कि 29 को रात 9 बजे जब श्रुति को लाया गया तो उसका आधा गला कटा हुआ था।
सांस की नली यानी ट्रैकिया कट गई थी। कई धमनियां भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त थीं। जिंदगी बचाने के लिए वक्त बहुत कम था। सांस की नली को फौरन रिपेयर किया जाना बेहद जरूरी था। तुरंत उसे ऑपरेशन थिएटर में शिफ्ट कर दिया गया। डॉ. एके द्विवेदी और उनकी टीम इस काम में जुट गई।
हंसते हुए घर गई श्रृति
सांस की नली और धमनियों को 3 घंटे चले ऑपरेशन के दौरान दुरुस्त कर दिया गया। पर, चुनौतियां इसके बाद भी कम नहीं हुईं। उसे सेप्टीसीमिया यानी बैक्टीरियल इंफेक्शन था। यही वजह थी कि डॉक्टर कह रहे थे उसे दवा के साथ दुआ की भी जरूरत है।
सीएमएस डॉ. ओंकार यादव बताते हैं कि श्रुति अपने पिता के साथ शनिवार को हंसते हुए घर गई। यही हमारे लिए बड़ा तोहफा है। खुशी की बात है कि वह सामान्य जिंदगी जी सकेगी। उसे खाना खाने और बोलने में कोई दिक्कत नहीं आएगी। हालांकि उसे रेगुलर चेकअप के लिए अस्पताल आना होगा।