अगले पांच साल में देश की सबसे अच्छी सुविधाओं वाला शहर होगा लखनऊ: गृहमंत्री राजनाथ सिंह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गृहमंत्री मंत्री और लखनऊ के भाजपा प्रत्याशी राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा सिर्फ वादा नहीं करती है, बल्कि काम करने में विश्वास करती है। लखनऊ में अब तक जो भी विकास हुआ है वह भाजपा के उसी नजरिए की देन है और मेरा भी प्रयास है कि लखनऊ अगले पांच साल में देश के सर्वोत्तम सुविधाओं वाले शहर में शुमार किया जाए।
लखनऊ का विकास न होने के आरोपों को खारिज करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि मुझे किसी दूसरे व्यक्ति से प्रमाण की जरूरत नहीं है। मेरी चरित्र पंजिका तो लखनऊवासी लिखेंगे। गृहमंत्री ने आर्थिक, सामरिक, कुटनीतिक, आंतरिक सुरक्षा आदि मोर्चों पर हुए कार्यों की चर्चा करते हुए जनता से अपील की कि देश के बेहतर भविष्य के लिए बड़ी संख्या में मतदान करने घर से निकलें।
गृहमंत्री सोमवार को कैंट विधानसभा क्षेत्र के अवध चौराहे और पूर्वी विस क्षेत्र के गोमती नगर स्थित पत्रकार पुरम चौराहे आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। गृहमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद तमाम नेताओं ने तो बहुत से वादे किए, लेकिन उसका आधा काम भी नहीं हुआ।
अगर वह वादे पूरे हुए होते आज भारत विश्व में सबसे ऊपर होता। इसलिए अब वादे करने का वक्त नहीं है, सिर्फ काम करके ही देश को अग्रिम पंक्ति में लाया जा सकता है। उन्होंने पिछले पांच साल में लखनऊ के विकास पर 25-26 हजार करोड़ रुपये खर्च होने की चर्चा करते हुए कहा कि इतने से हमें संतुष्ट नहीं होना है। अभी बहुत से काम बाकी है या प्रस्तावित हैं, जिन्हें पूरा कराना मेरी जिम्मेदारी है।
आजाद भारत के इतिहास में देश को मिली सबसे बड़ी सफलता
इस मौके पर राजनाथ ने एयर स्ट्राईक समेत अन्य सामरिक मोर्चो पर हुए कार्यों की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि आजाद भारत के इतिहास में पहली बार 57 मुस्लिम देशों के इस्लामिक संगठन आईओसी ने भारतीय विदेश मंत्री को बुलाकर गेस्ट ऑफ ऑनर्स संबोधन का अवसर दिया गया, जो भारत की बहुत बड़ी कुटनीतिक सफलता है।
देश में नक्सलवाद के सफाए का संकल्प लेते हुए उन्होंने तय किया कि 2022 तक देश से नक्सलवाद को पूरी तरह से सफाया कर दिया जाएगा। विपक्ष द्वारा मंहगाई बढ़ने के आरोपों का जवाब देते हुए गृहमंत्री ने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब-जब देश में कांग्रेस की सरकार बनी है, तब-तब देश में महंगाई चरम पर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल आर्थिक प्रबंधन की वजह से ही आजादी के बाद पहली बार देश में महगाई दर 2.3 प्रतिशत पर रोकने सफल हुए हैं।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, मंत्री बृजेश पाठक, आशुतोष टंडन, महेन्द्र सिंह, एमएलसी चेतनारायण सिंह, पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. हरदेव सिंह व डॉ. महेन्द्र राय आदि लोगों ने संबोधित किया। इनके अलावा कार्यक्रमों में स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के सचिव शिवकुमार, सांसद अशोक वाजपेई, महापौर संयुक्ता भाटिया, बाराबंकी की सांसद प्रियंका रावत, नगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष सुरेश तिवारी, सरदार इकबाल सिंह, विधानसभा क्षेत्र प्रभारी विनोद बाजपेयी आदि लोग भी मौजूद थे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.