यूपी: पीएनबी के खाते से 1.26 करोड़ रुपये निकालने का आरोप, भाई-भतीजे समेत बैंक मैनेजर पर केस; जानिए पूरा मामला
लखनऊ में पीएनबी के खाते से 1.26 करोड़ रुपये निकालने के आरोप में बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक, खाताधारक के भाई और भतीजे समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोप है कि जाली दस्तावेज और मोबाइल बैंकिंग के जरिए रकम दूसरे खाते में भेजी गई। पुलिस जांच कर रही है।
विस्तार
लखनऊ में कृष्णानगर के मधुबन नगर निवासी पंकज सिंह ने पीएनबी के तत्कालीन शाखा प्रबंधक व अपने भाई और भतीजे समेत अन्य पर 1.26 करोड़ की ठगी का आरोप लगाया है। पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पंकज सिंह ने बताया कि उनके पिता ओम प्रकाश सिंह की आठ मई 2018 की मौत हो गई थी। पिता का पीएनबी में बचत खाता था, जिसमें 1.26 करोड़ रुपये जमा थे। पिता की मौत के बाद उनकी संपत्ति के वह और भाई शैलेंद्र सिंह हकदार थे। पिता के खाते में पड़ी रकम को लेकर 2024 से कोर्ट में वाद चल रहा था। इस बीच 24 अगस्त 2025 को मां सावित्री सिंह की मौत हो गई थी। इस पर वह व्यस्त हो गए।
पंकज का आरोप है कि इस बात का शैलेंद्र और उसके बेटे ध्रुव ने फायदा उठा लिया। आरोपी पिता-पुत्र ने पिता के नाम पर जाली दस्तावेज तैयार किए और मोबाइल बैंकिंग का इस्तेमाल कर 1.26 करोड़ रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए।
आरोप है कि ठगी में पिता-पुत्र का साथ पीएनबी बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक भानु प्रताप सिंह व अन्य अज्ञात कर्मचारियों ने भी दिया। पीड़ित का कहना है कि उन्हें जब धोखाधड़ी की जानकारी हुई तो उन्होंने कृष्णानगर पुलिस से शिकायत की।
इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में उन्होंने पुलिस आयुक्त से शिकायत की। एसीपी लक्ष्मण वर्मा ने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला सही पाया गया है। इसलिए पुलिस ने शैलेंद्र, ध्रुव, भानू व अन्य पर कार्रवाई की है। पुलिस बयान दर्ज करने के लिए जल्द ही पीड़ित और आरोपियों को बुलाएगी। विवेचना में जो भी साक्ष्य मिलेंगे उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
