लखनऊ: एक छिपकली के कारण वीआईपी इलाका पसीना-पसीना, घंटों परेशान रहे लोग
राजधानी लखनऊ के वीआईपी इलाके में एक छिपकली के कारण लोगों को परेशान होना पड़ा। तमाम कोशिशों के बावजूद कर्मचारियों को इस खामी को खोजने में ही लंबा समय लग गया।
विस्तार
एक छिपकली की वजह से रविवार शाम वीआईपी इलाके डालीबाग समेत आसपास का क्षेत्र ढाई घंटे तक अंधेरे में डूबा रहा। बिजली गुल होने के कारण लोग उमस भरे मौसम में पसीने से तरबतर होते रहे। लगातार दो बार खामियां आने से लोगों की इतनी देर तक बिजली संकट से रूबरू होना पड़ा।
जवाहर भवन उपकेंद्र के कर्मियों ने बताया कि डालीबाग के निकट डीजीपी तिराहे के पास शाम 5:30 बजे ट्रांसफार्मर के पास स्थित आरएमयू (रिंग मेंस यूनिट) उपकरण में एक छिपकली घुस गई, जिससे शॉर्ट सर्किट हुआ और 11 हजार वोल्ट की बिजली सप्लाई बाधित हो गई।
तमाम कोशिशों के बावजूद कर्मचारियों को इस खामी को खोजने में ही लंबा समय लग गया। मरम्मत के बाद जैसे ही बिजली चालू की तो डीजीपी ऑफिस के पास दूसरी जगह पर फॉल्ट आ गया। इससे डालीबाग, रमैयाजीपुरम सहित आसपास का इलाका रात करीब 8:20 बजे तक अंधेरे में डूबा रहा।
इससे उपभोक्ताओं को बिजली ही नहीं पानी संकट से भी रूबरू होना पड़ा। यहां बिजली आने के 15 मिनट बाद दोबारा चली गई। उधर, त्रिवेणीनगर, फैजुल्लागंज, चौक, ठाकुरगंज, लाटूश रोड एवं हुसैनगंज इलाकों में भी बिजली की आवाजाही लगी रही।
सात घंटे तक झेला बिजली संकट
डालीगंज इक्का स्टैंड उपकेंद्र के तहत डालीगंज रेलवे क्रॉसिंग के आसपास के लोगाें ने रविवार को सात घंटे से अधिक समय तक बिजली संकट झेला। उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पर शिकायत दर्ज कराई पर समस्या का समाधान नहीं हो सका। शाम सात बजे तक बिजली गुल होने के कारण लोग पानी के लिए भी परेशान होते रहे। उधर, अधिशासी अभियंता ने बताया कि अंडरग्राउंड केबल में फॉल्ट आने के कारण सप्लाई बाधित हुई थी, फॉल्ट दूर करने में समय अधिक लगा।