लखनऊ। केंद्रीय ललित कला अकादमी के क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से नेताजी सुभाष चंद्र बोस गर्ल्स पीजी कॉलेज और लोक व जनजातीय संस्कृति संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को तिरंगा रन का आयोजन किया गया। पुरनिया चौराहा, ललित कला अकादमी और अलीगंज से होते हुए यात्रा पुनः कॉलेज पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान सैकड़ों छात्र-छात्राएं, नागरिक और सांस्कृतिक संस्थाओं के सदस्य हाथों में तिरंगा थामे कदम से कदम मिलाते रहे। रास्ते में दुकानदारों और राहगीरों ने भी तिरंगा लहराकर उनका स्वागत किया।
धोबिया लोक गायक और नृत्य कलाकारों ने ढोलक की थाप और झांझ की गूंज पर देशभक्ति गीत गाकर यात्रा को और आकर्षक बना दिया। समापन पर ऑडिटोरियम में संगीतकार अभिषेक श्रीवास्तव ने मधुर प्रस्तुतियों से समा बांध दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष प्रो. जयंत खोत रहे। ललित कला अकादमी के क्षेत्रीय सचिव डॉ. देवेंद्र कुमार त्रिपाठी, नेताजी सुभाष कॉलेज की प्रो. रश्मि बिश्नोई, डीसीपी जितेंद्र द्विवेदी, अतुल द्विवेदी, एसएनए के निदेशक डॉ. शोभित नाहर व उपाध्यक्ष विभा सिंह आदि की मौजूदगी रही।