शोहदों ने पार की हद, बीच सड़क पर टैंपो रुकवाकर की अश्लीलता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बेखौफ हो चुके शोहदों ने अराजकता की सारी हदें पार कर दीं। हनुमान सेतु से टैंपो में बैठी युवतियों से छेड़छाड़ की। उन्हें देखकर अश्लील इशारे व कमेंट किए। युवतियों ने इन हरकतों को नजरअंदाज किया तो शोहदों का हौसला बढ़ गया।
उन्होंने टैंपो रुकवाकर अभद्रता शुरू कर दी। किसी तरह टैंपो चालक उनके चंगुल से निकला लेकिन शोहदों की हरकतों से खौफजदा आईटीआरसी में काम करने वाली साइंटिस्ट यूनिवर्सिटी के गेट नंबर दो पर उतर गई और कैब बुलाकर अपने घर पहुंची।
युवती शिकायत लेकर हसनगंज कोतवाली पहुंची और अज्ञात शोहदों के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस शोहदों की तलाश कर रही है। साइंटिस्ट मूलरूप से पश्चिम बंगाल के कोलकाता की है और यहां अलीगंज में अकेले रहती है। मंगलवार रात करीब दस बजे वह ऑफिस का काम खत्म करके परिवर्तन चौक चौराहा से कपूरथला जाने के लिए टैंपो में बैठी थी।
उसके साथ ऑफिस की ही एक अन्य युवती और कर्मचारी भी था। टैंपो में पहले से दो-तीन सवारियां बैठी थीं। जैसे ही टैंपो हनुमान सेतु पुल पर पहुंचा, चार बाइक से आए आठ-दस शोहदे पीछे लग गए।
पहले से ही इंतजार कर रहे थे शोहदे
शोहदों ने युवतियों को देखकर अश्लील इशारे और टिप्पणियां करना शुरू कर दिया। एक शोहदे ने बीच सड़क पर टैंपो रुकवा लिया और युवतियों से अश्लील बातें करने लगा। टेंपो चालक वाहन स्टार्ट करके वहां से भागा।
शोहदों की हरकतों से घबराई साइंटिस्ट यूनिवर्सिटी के गेट नंबर दो पर उतर गईं। उन्होंने अपने साथी कर्मचारी को भी मदद के लिए टैंपो से उतार लिया। इसके बाद उन्होंने घर जाने के लिए कैब बुलाई।
घर जाने के बाद साइंटिस्ट ने टैंपो सवार सहकर्मी से शोहदों के बारे में पूछा तो उसने बताया कि सभी बदमाश आईटी चौराहा पर टैंपो आने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही टैंपो वहां पहुंचा, बदमाशों ने साइंटिस्ट की तलाश शुरू कर दी।
साइंटिस्ट का कहना है कि शोहदे उसके पीछे लगे हुए थे। उसने कहा कि जिस रास्ते पर शोहदे टैंपो के आगे-पीछे बाइक चलाकर छेड़छाड़ कर रहे थे, वहां सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं।
अगर पुलिस कैमरों की फुटेज निकलवाए तो शोहदों की पहचान की जा सकती है। साइंटिस्ट शोहदों की हरकतों से इस कदर दहशत में है कि उसने सुरक्षा की मांग की है।