यूपी में सनसनी, पेड़ से लटकी मिली लाश
अखिलेश यादव की तमाम कोशिशों के बावजूद यूपी में अपराध कम होने की जगह रफ्तार पकड़ता जा रहा है।
दिनोदिन हैवानियत सूब में पैर पसार रही है और कानून व्यवस्था पर इन घटनाओं का बदनुमा दाग गहराता जा रहा है।
महिलाओं की रेप व हत्या कर पेड़ पर लटकाना मानो अपराध का नया ट्रेंड बन गया है, जबकि यूपी पुलिस की ओर से ऐसे अपराधों पर नकेल कसने के लिए हर मुमकिन कोशिश हो रही है।
ताजा मामला कहीं और नहीं, बल्कि राजधानी लखनऊ का ही है। यहां काकोरी में एक महिला की लाश पेड़ पर लटकती पाई गई है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
कहां और कैसे हुई वारदात?
बदायूं प्रकरण के बाद पेड़ से लटकी महिलाओं के मामलों ने पुलिस के पसीने छुड़ा दिए हैं। इसी प्रकार का एक मामला काकोरी में प्रकाश में आया है।
काकोरी के रसूलपुर गांव की सरस्वती उर्फ रामदेवी (42) का शव शुक्रवार सुबह गांव के ही जहीर के आम के बाग में पेड़ से लटका पाया गया।
ग्रामीणों से सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। रामदेवी ने आत्महत्या की है या उसकी हत्या की गई है? इस बाबत छानबीन की जा रही है।
मौत की वजह जानने के लिए शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस फिर सुना रही अलग कहानी!
हालांकि, काकोरी पुलिस के मुताबिक महिला ने बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या की है जबकि परिवारीजनों ने किसी तरह की बीमारी, झगड़े या पारिवारिक तनाव की बात से इंकार किया है।
सरस्वती के पति टीकाराम ने बताया कि वह जहीर के बाग की ही रखवाली करती थी। शुक्रवार सुबह उसका शव बाग में साड़ी से बने फंदे से लटका पाया गया।
सरस्वती के तीन लड़के व तीन लड़कियां हैं। एसएसपी प्रवीण कुमार ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।