खाकी की गुंडई, चालक को पीट जूतों में नाक रगड़वाई!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिल्डर के इशारे पर युवक की चमड़ी उधेड़ने वाली राजधानी पुलिस ने बृहस्पतिवार दोपहर आशियाना में एक बार फिर दहशत फैलाई। कानपुर रोड पर जिप्सी में रिक्शे से मामूली टक्कर लगने से भड़के सिपाही ने चालक को जूतों से पीटना शुरू कर दिया।
इस बीच दो और सिपाही पहुंच गए और पीटते हुए माफी मांगने को कहा। रिक्शा चालक के कारण पूछने पर आपे से बाहर हो गए और उसकी नाक अपने जूतों से रगड़वा डाली। इस बीच जुटी भीड़ के विरोध करने पर सिपाही खिसक लिए। वहीं, सहमा रिक्शा चालक भी शिकायत या कार्रवाई से इन्कार करते हुए चला गया।
घटना दोपहर करीब एक बजे की है। आशियाना निवासी छोटेलाल दोपहर को तीन स्कूली बच्चियों को घर छोड़ने जा रहा था। वीआईपी रोड पर मुड़ते समय सामने से आई पुलिस की जिप्सी से हल्की टक्कर लग गई। इस पर जिप्सी चालक ने गालियों की बौछार कर दी।
माफी मांगने से किया इनकार तो बने हैवान
छोटेलाल के विरोध करने पर सिपाही उतरा और पीटना शुरू कर दिया। उधर से गुजर रहे दो बाइक सवार सिपाही भी रुके और धुनाई शुरू कर दी। मौके पर जुटे लोगों के अनुसार तीनों ने जूते उतारकर रिक्शा चालक को पीटा। इसके बाद जिप्सी सवार सिपाही ने माफी मांगने को कहा।
रिक्शा चालक ने गलती न होने की बात कहते हुए माफी मांगने से इन्कार कर दिया। इस पर सिपाहियों ने फिर पीटना शुरू कर दिया और सड़क पर गिराने के साथ ही बाल पकड़कर नाक अपने जूतों पर रगड़वाई।
यह देख भीड़ ने विरोध किया, जिसके बाद सिपाही जिप्सी व बाइक लेकर चलते बने। कुछ लोगों ने थाने जाकर शिकायत करने को कहा, लेकिन सहमा पीड़ित इन्कार करते हुए रिक्शा लेकर चला गया।
घबराई बच्चियां रिक्शा छोड़कर भागीं
सिपाहियों को रिक्शा चालक से गाली-गलौज और मारपीट करते देख तीनों बच्चियां सहम गईं। बेतहाशा रो रही मासूम बच्चियों ने सिपाहियों से रिक्शे वाले भईया की पिटाई न करने की गुहार लगाई, लेकिन उन्होंने मासूम की भी नहीं सुनी। बेरहमी से पिटाई होते देख तीनों बच्चियां रोते हुए सड़क किनारे जाकर खड़ी हो गईं। लोगों ने दूसरे रिक्शे से उन्हें घर भेजा।
जिला कारागार के थे सिपाही!
बीच सड़क पर गुंडागर्दी करने वाले सिपाही जिला कारागार के बताए जा रहे हैं। इलाकाई लोगों का कहना है कि जिप्सी में सिर्फ एक सिपाही था जो खुद को जिला कारागार का बता रहा था जबकि बाइक से आए दो सिपाही किसी थाने के थे।
व्हाट्सएप पर चला पिटाई और जाम का वीडियो
सिपाहियों की पिटाई का कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने फोन से वीडियो बनाकर व्हाट्सएप पर चला दिया। करीब तीन मिनट के इस वीडियो में बीच सड़क पर सिपाही रिक्शा चालक को पीटते नजर आ रहे हैं। मारपीट के चलते आसपास जाम लगा हुआ है।