{"_id":"bf497e38bb711c726dc71fc30637ba51","slug":"man-killed-his-mother-in-law","type":"story","status":"publish","title_hn":"खुन्नस खाए दामाद ने ये क्या कर डाला सास के साथ?","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
खुन्नस खाए दामाद ने ये क्या कर डाला सास के साथ?
लखनऊ/अनिल त्रिपाठी
Updated Tue, 27 Aug 2013 03:17 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोमतीनगर के हुसड़िया गांव में सोमवार सुबह दामाद ने चाकू घोंपकर मौसिया सास की हत्या कर दी। शोर सुनकर लोगों के जुटने से पहले हत्यारा फरार हो गया।
विज्ञापन
दिनदहाड़े हुई वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मां की तहरीर पर बड़ी बेटी के दामाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस की एक टीम आरोपी की तलाश में शाहजहांपुर भेजी गई है। एसओ गोमतीनगर के मुताबिक, मूलरूप से बाराबंकी की नीलम शर्मा (40) बुजुर्ग मां बृजरानी व बड़ी बहन राजरानी की बेटी दिव्या (11) के साथ गोमतीनगर के हुसड़िया गांव में रहती थी।
विज्ञापन
बाएं पैर से निशक्त नीलम घर से ही जूस बेचने का व्यवसाय करती थी। मां बृजरानी के अनुसार सुबह नीलम अपने कमरे में थी, जबकि वह बाथरूम में और दिव्या सफाई कर रही थी।
विज्ञापन
इसी दौरान बड़ी बेटी सरोज का दामाद अनूप आया, उसके पानी मांगने पर दिव्या चौके में पानी लेने चली गई। मौका पाकर अनूप नीलम के कमरे में जा घुसा और चाकू से उस पर हमला कर दिया।
जोरदार वार के चलते चाकू नीलम के बाएं कान के नीचे धंस गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। चीख सुनकर कमरे में पहुंची दिव्या ने अंदर का नजारा देख शोर मचाना शुरू कर दिया।
इस पर किराएदार सोनू गुप्ता और उसकी पत्नी अनीता कमरे में पहुंचे। तब तक हत्यारा फरार हो चुका था। सूचना पर सीओ गोमतीनगर विद्यासागर मिश्र, एसओ गोमतीनगर उमेश बहादुर सिंह फोर्स समेत मौके पर पहुंचे।
फोरेंसिक टीम बुलाकर शव में धंसे चाकू को निकलवाकर जांच के लिए भेजा गया। बृजरानी की तहरीर पर पुलिस ने शाहजहांपुर के कुतहर निवासी अनूप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पत्नी को प्रताड़ित करता था आरोपी
पुलिस के अनुसार नीलम की सबसे बड़ी बहन सरोज की बेटी सीमा की शादी शाहजहांपुर निवासी अनूप से हुई थी। शादी के बाद से अनूप उसे प्रताड़ित करने लगा था।
समझाने के बावजूद न मानने पर नीलम ने अनूप के खिलाफ घरेलू हिंसा की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद अनूप ने माफी मांगते हुए समझौता कर लिया और सीमा को अपने साथ ले गया।
कुछ दिन पहले उसने फिर सीमा को पीटा था। इसे लेकर नीलम से उसकी जमकर कहासुनी भी हुई थी। दो दिन पहले भी नीलम ने भांजी को परेशान करने पर जेल भिजवाने की चेतावनी दी थी। माना जा रहा है कि इसी के चलते अनूप ने वारदात अंजाम दी।
बेसहारा हुई बुजुर्ग
नीलम की हत्या से बूढ़ी मां का इकलौता सहारा भी छिन गया है। निशक्त होने के बावजूद नीलम मेहनत कर घर चलाती थी और मां की देखभाल करती थी।
परिवार के लोगों का कहना है कि मां की देखभाल के लिए ही उसने शादी नहीं की थी। चारों बहनों में सबसे अधिक शिक्षित नीलम ने अपनी एक अन्य बहन राजरानी की बेटी दिव्या का जिम्मा भी ले रखा था।
बड़ी बहन सरोज ने भी अपनी बेटी की समस्या सुलझाने के लिए नीलम से कहा था। नीलम की मौत से मां और बहनें रो-रोकर बेहाल हैं।