सगे चाचा ने उठाया बेरोजगारी का फायदा, ठगे 2 लाख
ठाकुरगंज क्षेत्र में भूगर्भ जल विभाग के एक क्लर्क ने अपने सगे भतीजे को नौकरी का झांसा देकर बड़े भाई से 2.12 लाख रुपये ठग लिए। पांच साल तक टालमटोल कर रहा, फिर फर्जी चेक थमा दिए।
रकम डूबती देख भाई ने ठाकुरगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसओ ठाकुरगंज समर बहादुर यादव ने बताया कि बालागंज के पुराना तोपखाना निवासी लल्लूराम विकास भवन स्थित भूगर्भ जल विभाग में क्लर्क है।
उसने माल थाने के गांव करेंद निवासी भतीजे दुर्गेश कुमार को भूगर्भ जल विभाग में फील्ड असिस्टेंट की नौकरी दिलाने का झांसा देकर वर्ष 2008 में बड़े भाई भगवानदीन से 2.12 लाख रुपये ले लिए।
उसने दुर्गेश से नौकरी का आवेदन कराया और उसे कुछ दिनों बाद नियुक्ति पत्र मिलने का आश्वासन दिया।
कई महीने गुजर जाने पर भी नौकरी नहीं मिली और दुर्गेश अपने चाचा लल्लू के घर के चक्कर काटता रहा। टालमटोल से आजिज आकर भगवानदीन ने रकम का तगादा किया।
पांच साल बाद टूटा सब्र का बांध
पांच साल बाद भी कोई नतीजा न निकलने पर उसने रिश्तेदारों की मदद से दबाव बनाया और विभाग में शिकायत की चेतावनी दी। इस पर लल्लूराम ने सितंबर 14 में भगवानदीन को 92 हजार रुपये के दो चेक दिए और शेष रकम जल्द लौटाने का वादा किया।
भगवानदीन का कहना है कि उसने लल्लू द्वारा दिए चेक 10 अक्तूबर को अपने खाते में जमा किए लेकिन लल्लू के अकाउंट में धन न होने की वजह से बैंक ने चेक लौटा दिए। इस पर उसने लल्लू को उलाहना देते हुए रकम का तगादा किया।
इस बार उसने रकम लौटाने से इन्कार के साथ धमकी देनी शुरू कर दी। लल्लूराम के अचानक तेवर बदलने से भगवानदीन को रकम डूबती नजर आई।
उसने जालसाजी, अमानत में खयानत व धमकी का आरोप लगाते हुए ठाकुरगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मुकदमे की तफ्तीश एसआई अतुल श्रीवास्तव को सौंपी गई है।