शातिर तरीके से हैक करते थे लड़कियों का एफबी अकाउंट, धरे गए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लड़कियों के फेसबुक व ई-मेल अकाउंट हैक करके ठगी करने वाले इंटर के दो छात्रों को साइबर सेल की टीम ने शनिवार दोपहर हजरतगंज इलाके से दबोच लिया। दोनों विकासनगर स्थित कॅरिअर कॉन्वेंट स्कूल के छात्र हैं।
साइबर सेल ने यह कार्रवाई अलीगंज निवासी बिजनेसमैन जीके अग्रवाल की रिपोर्ट के आधार पर की है। एएसपी पूर्वी शिवराम यादव ने बताया कि जीके अग्रवाल की बेटी प्रिया पूना में रहकर एलएलबी की पढ़ाई कर रही है।
छात्रों ने प्रिया का फेसबुक व ई-मेल अकाउंट हैक कर रुपये वसूले थे। विवेचना में दोनों का नाम सामने आया। इसके बाद उन्हें पकड़ लिया गया। छात्रों के पास से तीन मोबाइल फोन व 9000 रुपये नकद बरामद हुए हैं।
एएसपी पूर्वी ने बताया कि शातिर छात्रों ने 27 सितंबर को प्रिया का फेसबुक और ई-मेल अकाउंट हैक किया था। इसके बाद प्रिया के कई रिश्तेदारों और दोस्तों को फेसबुक पर मैसेज और ई-मेल भेजे।
हैक अकाउंट से मेल कर अर्जेंट मदद की मांग की
उन्होंने प्रिया की तरफ से लिखा कि वह पूना में कुछ परेशानी में है और रुपयों की जरूरत है। प्रिया के चचेरे भाई अमित अग्रवाल के पास भी ई-मेल आया। अमित ने प्रिया से फेसबुक पर ही संपर्क किया। दोनों के बीच चैटिंग हुई, जिसमें प्रिया ने अर्जेंट मदद की बात कही।
अमित ने प्रिया को ई-मेल पर ही अपने कोटक महिंद्रा बैंक का डेबिट कार्ड का नंबर और पासवर्ड भेज दिया। पासवर्ड मिलते ही हैकर छात्रों ने तत्काल अमित के कार्ड से 10000 रुपये का ट्रांजेक्शन कर लिया। इस बीच प्रिया के कुछ दोस्तों ने उससे फोन कर समस्या पूछी तो वह चौंक गई।
दोस्तों ने उसके फेसबुक मैसेज और ई-मेल के बारे में बताया तो होश उड़ गए। प्रिया ने फेसबुक आईडी पर लॉग इन किया लेकिन वह नहीं खुली। उसने इस बारे में परिवारीजनों को बताया।
इस तरह सामने आया छात्रों का खेल
30 सितंबर को प्रिया के पिता जीके अग्रवाल ने अलीगंज थाने में अज्ञात ठगों के खिलाफ साइबर एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई। इस मामले की विवेचना एसपी ट्रांस गोमती कार्यालय में तैनात इंस्पेक्टर आलोक कुमार सिंह कर रहे थे।
एएसपी पूर्वी ने बताया कि आलोक और साइबर क्राइम सेल के प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से पड़ताल की तब शातिर छात्रों का खेल सामने आया।
ऐसे सीखा आईडी हैक करना
साइबर सेल के प्रभारी इंस्पेक्टर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शातिर छात्रों ने फेसबुक और ई-मेल आईडी हैक करने का तरीका यू-ट्यूब से सीखा था।
छात्रों ने बताया कि एक वीडियो में फेसबुक या ई-मेल पर लिंक भेजकर हैकिंग का तरीका बताया गया है। इसमें फेसबुक पर लिंक भेजकर उसे लाइक करने के लिए कहा जाता है। जो व्यक्ति लिंक के लाइक बटन पर क्लिक करता है, उसकी आईडी हैक हो जाती है।
पेटीएम पर मंगाता था रुपये, दोस्त के अकाउंट में करता था ट्रांसफर
इंस्पेक्टर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि हैकिंग और ठगी का तरीका एक छात्र का है। उसने अपनी मां के मोबाइल नंबर पर पेटीएम वॉलेट में एक अकाउंट बना रखा था। इसी अकाउंट में वह रुपये मंगाता था।
उसे लगता था कि इस तरीके से वह कभी पकड़ में नहीं आएगा। पेटीएम अकाउंट में रकम आते ही वह अपने दोस्त के अकाउंट में ट्रांसफर कर लेता था। साइबर सेल ने पड़ताल शुरू की तो पता चला कि अमित अग्रवाल ने पेटीएम अकाउंट में रुपये डाले हैं।
पेटीएम से संपर्क कर साइबर सेल ने शातिर छात्र की मां का मोबाइल नंबर और दोस्त का बैंक अकाउंट नंबर हासिल कर लिया। बैंक अकाउंट मिलते ही पुलिस शातिर छात्रों तक पहुंच गई।
कई और लड़कियों को बनाया निशाना, एफआईआर की तैयारी
सीओ हजरतगंज अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि शातिर छात्रों ने कई लड़कियों के अकाउंट हैक करके ठगी की है। डालीगंज की एक लड़की के दोस्तों व रिश्तेदारों से रुपये ऐंठे।
पीड़िता के परिवारीजन एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं। हुसैनगंज की एक छात्रा के परिचितों को भी इसी प्रकार ठगा।
ठगी की रकम से छात्र ने एक मोबाइल फोन भी खरीदा था। कई और लोगों को भी छात्रों ने निशाना बनाया, जिनसे संपर्क किया जा रहा है।