डीजीपी आवास के पास डॉक्टर की पत्नी से छेड़छाड़, फेसबुक पर लिखा तो हुआ एक्शन
बेखौफ शोहदों ने रविवार भरी दोपहरी सीएम और डीजीपी आवास के पास गोमतीनगर निवासी डॉक्टर की पत्नी से छेड़छाड़ की। कार सवार शोहदे डीजीपी आवास के मोड़ से डॉक्टर की पत्नी की कार के पीछे लग गए। डॉक्टर की पत्नी बच्चे के साथ थीं।
समतामूलक चौराहे पर किसी तरह वह शोहदों से पीछा छुड़ाकर भागीं और फेसबुक पर अपनी पीड़ा बयां की। सोशल मीडिया वर पीड़िता का दर्द वायरल होते ही एसएसपी दीपक कुमार ने पीड़िता से संपर्क कर उनकी तरफ से हजरतगंज कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई।
सोमवार शाम पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर तीन आरोपियों को दबोच लिया। हालांकि, पीड़िता ने सिर्फ एक पर ही छेड़छाड़ करने की जानकारी दी। बाकी दोनों को छोड़ दिया गया है।
एसएसपी ने बताया कि पीड़िता रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे अपनी कार से किसी काम से सिविल अस्पताल आई थीं। उनके साथ छोटा बच्चा भी था। लौटते वक्त लखनऊ कैंसर इंस्टीट्यूट के पास आई-टेन कार सवार तीन बदमाश उनके पीछे लग गए। उनकी कार के साथ-साथ कार चलाते हुए शोहदे अश्लील इशारे और अभद्र टिप्पणियां करने लगे। पीड़िता ने विरोध किया तो लड़कों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
इस तरह खुद को बचाने में कामयाब रही महिला
समतामूलक चौराहे पर पीड़िता ने कार धीमी की तो शोहदों ने भी अपने वाहन की गति कम कर दी। वह कुछ सेकेंड के लिए रुकीं तो शोहदों ने भी कार रोक दी। इसके बाद पीड़िता ने अचानक स्पीड बढ़ाई और आगे निकल गईं जबकि शोहदों की कार जाम में फंस गई। पीड़िता घर पहुंची और फेसबुक पर अपना दर्द लिखा।
एसएसपी ने पीड़िता से संपर्क कर कार के नंबर के आधार पर तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली में छेड़छाड़ और गाली-गलौज की धारा में केस दर्ज कराया।
सोमवार को पुलिस ने इंदिरानगर निवासी मो. अर्श और उसके दो साथियों को पकड़ लिया। पीड़िता को कोतवाली बुलवाया गया जहां उन्होंने मो. अर्श को पहचान लिया। पीड़िता का कहना है कि कार वही चला रहा था और उसने ही अभद्रता व अश्लील इशारे किए थे।
पीड़िता ने बाकी दोनों को निर्दोष बताया जिसके बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। इंस्पेक्टर आनंद कुमार शाही ने बताया कि मो. अर्श एमिटी कॉलेज से बीटेक कर रहा है। उसकी कार भी जब्त कर ली गई है।
‘तहज़ीब और संस्कार के शहर में इन्होंने हमारा स्वागत किया’
पीड़िता ने फेसबुक पर लिखा कि, ‘तहज़ीब और संस्कार के शहर लखनऊ में इंटर करते ही इन्होंने हमारा स्वागत किया। हमने 1090 पर कम्प्लेन की है। एक्शन का इंतजार है।’
पीड़िता ने अपनी पोस्ट पर कार का नंबर भी लिखा। उनकी इन चंद लाइनों ने ही सोशल मीडिया पर हंगामा मचा दिया।
पीड़िता की फेसबुक पोस्ट को कुछ लोगों ने ट्विटर पर यूपी पुलिस और लखनऊ पुलिस के अलावा एसएसपी के पर्सनल हैंडल पर टैग कर दिया। एसएसपी ने ट्विटर पर ही पीड़िता का नंबर लेकर कार्रवाई के आदेश दिए।