बंद कार में मिली डॉक्टर की लाश, कैसे हुई ये मौत!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महानगर के सेक्टर-बी मनोरमा अपार्टमेंट निवासी एक डॉक्टर की लाश मंगलवार की शाम को उनकी ही कार में पड़ी मिली।
दायीं आंख पर गहरे घाव हैं, नाक व मुंह से खून बह रहा था, जिसके चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मोहल्ले वालों की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मौके से कई साक्ष्य इकट्ठा किये।
कार से शराब की चार बोतल और बीयर की एक केन बरामद हुई है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने कार में ही दम घुटने से मौत होने की बात कही है।
इंस्पेक्टर महानगर ने बताया कि कानपुर पुखरायां के बढौली गांव निवासी जय प्रकाश के बेटे डॉ गौरव सचान (40) महानगर के सेक्टर बी स्थित मनोरमा अपार्टमेंट फ्लैट नंबर 2 में अपनी पत्नी सृष्टि के साथ रहते थे।
शराब थी लड़ाई की वजह
डॉक्टर सीतापुर स्थित परसेंडी ब्लाक के नौवा महमूदपुर अतिरिक्त पीएचसी में तैनात थे और लखनऊ से ही आते-जाते थे।
उनको शराब पीने की बुरी आदत थी। अक्सर वह सीतापुर से शराब के नशे में धुत होकर घर लौटते थे। इस बात को लेकर पत्नी सृष्टि से उनका भी झगड़ा होता था।
पांच दिन पहले सृष्टि और उनके बीच तीखी नोकझोंक हुई थी। इसके बाद सृष्टि उनको अकेला छोड़कर कानपुर चली गई थी।
तब से डॉक्टर गौरव सचान फ्लैट में अकेले ही रह रहे थे। सुबह पड़ोसियों ने उनकी कार फ्लैट के बाहर सड़क पर खड़ी देखी।
शाम तक यह फोर्ड फीगो कार वहीं खड़ी रही तो लोगों को कुछ शक हुआ। इसके बाद उन्होंने शीशे से अंदर झांका तो डॉक्टर गौरव सचान की लाश ड्राइविंग सीट की बगल वाली सीट पर पड़ी दिखी।
कार में मिली बीयर और शराब की बोतलें
पड़ोसी अशोक दीक्षित ने इसकी सूचना महानगर पुलिस को दी। इसके बाद सीओ महानगर, इंस्पेक्टर महानगर समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर बारीकी से निरीक्षण किया। डॉक्टर गौरव सचान की दायीं आंख पर गहरे घाव थे और मुंह और नाक से खून निकल रहा था।
इस वजह से उनके कत्ल की आशंका जताई जा रही है। हालांकि फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने उनकी कार से अंग्रेजी शराब की चार बोतलें व बीयर की केन बरामद की है।
इससे इस बात की भी संभावना है कि कार में बैठकर शराब पीते-पीते अचानक उनका दम घुट गया और उनकी मौत हो गई।
फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के स्पष्ट कारणों का पता चल सकेगा।
गुस्से में खो देते थे आपा
डॉक्टर गौरव सचान अपनी पत्नी सृष्टि को बेहद प्यार करते थे। वह पिछले एक वर्ष से महानगर के मनोरमा अपार्टमेंट में रह रहे थे।
चौकीदार मदन ने बताया कि दोनों अक्सर इसी कार से लांग ड्राइव पर भी जाया करते थे। हालांकि डॉक्टर गौरव जब भी शराब के नशे में धुत होकर घर लौटते थे तो सृष्टि से उनका झगड़ा जरूर होता था।
इसी बात को लेकर कई बार गुस्से में डॉक्टर गौरव ने घर के गमले तक तोड़ डाले, बर्तन फेंकने और दरवाजा पीटने लगते थे।
इन दिनों दोनों के बीच विवाद काफी बढ़ गया था। नशे में धुत होकर घर लौटने की वजह से सृष्टि पांच दिन पहले घर छोड़कर गई थी।
पुलिस ने डॉक्टर गौरव का मोबाइल फोन चेक किया तो उन्होंने आखिरी मैसेज सृष्टि को ही किया था।
इसमें उन्हें सृष्टि को ‘आई लव यू ... प्लीज कम बैक’ लिखकर भेजा था। इससे पहले भी कई मैसेज किये थे और डायल में भी उनकी ही कॉल है।