रजाई में दुबका रहा अफसर, पत्नी के तन से गहने ले गए डकैत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पारा थाना क्षेत्र में डकैतों ने रविवार रात एक बैंककर्मी के घर धावा बोला। तमंचा ताने दो बदमाशों ने कमरे में सो रहे दंपती को जगाया। बैंककर्मी को रजाई से मुंह बाहर निकालने पर आंख में मिर्च झोंकने की धमकी दी।
तीसरे बदमाश ने उसकी पत्नी के तन से गहने उतारे और दो अन्य कमरों की चाभी छीनकर आंगन में खड़े बदमाशों को थमाई। नगदी, गहनों के साथ घरेलू सामान चादरों में बांध ले गए।
इस दौरान दंपती को बंधक बनाए दो बदमाश उन्हें मकान बेचकर चले जाने की सलाह देते रहे। पड़ोसी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज करके तहकीकात शुरू की है।
पारा थाने के न्यू शांतीनगर पतौरा निवासी राजेश यादव आलमबाग में स्टेट बैंक ऑफ पटियाला में अर्दली हैं। वह रविवार रात अपनी पत्नी रामा देवी व बेटे रोहित के साथ एक ही कमरे में सो रहा था। रात 12:45 बजे आहट महसूस होने पर आंख खोली तो कमरे में तीन बदमाश नजर आए।
अफसर की पत्नी से बात करता रहा बदमाश
इनमें दो तमंचा ताने खड़े थे और मंकी कैप लगाए तीसरे बदमाश के हाथ में पटरा था। बदमाशों ने राजेश को अपना चेहरा रजाई के अंदर रखने की हिदायत दी। बोले चेहरा बाहर निकाला तो आंख में मिर्च झोंक देंगे।
इसके साथ राजेश, रामा व रोहित के मोबाइल कब्जे में ले लिए। तीसरे बदमाश ने रामा देवी की पायल, झुमकी, अंगूठी उतरवाई। उससे अंदर वाले दो कमरों की चाभी लेकर बाहर खड़े बदमाश को दे दी। ताला न खोल पाने पर बदमाशों ने दंपती को ताला खोलने का हुक्म दिया।
वह डर के कारण उठने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। इस बीच बदमाशों ने ताला खोला और सेफ व बक्से खंगालकर 55 हजार रुपये, दो लाख के गहने व तमाम घरेलू सामान बटोरकर चादरों में बांधा।
करीब एक घंटे में वारदात अंजाम देकर फरार हो गए। वारदात के दौरान कमरे में तमंचा ताने खड़े बदमाशों ने रामा देवी से उसके मायके का पता पूछने के साथ तमाम बातें कीं।
दंपती को बताया कि घोसियाना के लोगों ने एक लाख रुपये दिए हैं। तुम्हारी बिल्डिंग पर लोगों की नजर है। मकान बेचकर चले जाओ। वरना और मुसीबत उठानी पड़ेगी।
खामोश रहने की कसम खिलाई
बदमाशों ने रामा को उसके बेटे और राजेश को रामा की कसम खिलाकर वारदात के बारे में किसी को कुछ न बताने को कहा। बोले तुम्हारे मोबाइल घर में ही मिल जाएंगे। एक मोबाइल छत पर मिला जबकि, दो गायब हैं।
राजेश के घर धावा बोलने से पहले बदमाशों ने उसके सामने अंकित यादव के घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था। रात करीब डेढ़ बजे लघुशंका पर जागे अंकित ने राजेश के घर से अपरिचित आवाज सुनी।
अपने घर का दरवाजा बाहर से बंद होने पर माथा ठनका। उसने 1:40 बजे पुलिस कंट्रोल रूम फोन कर दिया। पुलिस को पहुंचने में 20-25 मिनट लगे। इस बीच बदमाश माल बटोरकर फरार हो चुके थे।
पारा थाने की पुलिस ने फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट व डॉग स्क्वाएड बुलाया। खोजी कुत्ते ने दो किमी दूर गांव रामपुर में गुड्डू प्रधान के बाग तक दौड़ लगाई। बाग में चक्कर काटकर बैठ गया।