UP: बेटे को पीठ पर बांध नहर में कूदी मां, मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
संपत्ति बंटवारे के विवाद से तंग आकर एक महिला ने मासूम बेटे को पीठ पर बांधकर सरयू नहर में छलांग लगा दी। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों शवों को निकलवाया। आत्महत्या करने वाली महिला गिलौला के ग्राम कौरेमऊ निवासी पूर्व प्रधान दिनेश वर्मा की बहू थी। वह बुधवार सुबह खेत जाने के बहाने बेटे को लेकर घर से निकली थी।
मृतका के पिता के मुताबिक दो दिन पहले ससुर और देवर ने महिला की पिटाई भी की थी, जिससे वह क्षुब्ध थी। पुलिस ने शवों के पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मृतका के पिता की तहरीर पर ससुर और देवर के खिलाफ केस दर्ज किया है।
दिनेश वर्मा उर्फ उत्तम घर में कुछ दिनों से संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। दो दिन पहले बंटवारे के दौरान जब खेत और मकान का हिस्सा लग रहा था तो उत्तम के बड़े बेटे दुर्गेश की पत्नी बीना देवी (30) ने आपत्ति दर्ज कराई थी। इस पर उत्तम और उसके छोटे बेटे सर्वेश ने बीना की पिटाई कर दी।
किसी तरह पति व अन्य लोगों ने बीना को बचाया। बीना ने रात में अपने मायके जानकी नगर सिरसिया में फोन कर पिता रामप्रीत को घटना की जानकारी दी। यह भी कहा कि बंटवारे में बराबर का हिस्सा मिले, इसके लिए समुचित कदम उठाएं। पिता ने समधी से वार्ता कर बेटी को आश्वासन भी दिया लेकिन बीना ने आत्मघाती कदम उठाने की ठान ली।
आसपास खेतों में काम कर रहे थे लोग
बुधवार सुबह सात बजे के आसपास वह अपने आठ वर्षीय पुत्र शेखर के साथ खेत जाने की बात कहकर घर से निकली और सरयू नहर के तट पर पहुंच गई। उस समय आसपास के खेतों में लोग काम कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बीना ने अपनी पीठ में साड़ी के पल्लू से शेखर को बांधकर नहर में छलांग लगा दी। खेत में काम कर रहे लोग शोर मचाते हुए दौड़े लेकिन तब तक मां-बेटे डूब चुके थे।
तत्काल गांव में और बीना के मायके में सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे मृतका के पिता रामप्रीत का कहना है कि संपत्ति विवाद और उत्तम व सर्वेश की पिटाई से बेटी काफी क्षुब्ध थी। इसी के चलते उसने आत्महत्या का कदम उठाया है।
पिता ने इस मामले में पिता-पुत्र को नामजद करते हुए गिलौला थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष वकील पांडेय ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर मां-बेटे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। विवेचना शुरू कर दी गई है। शीघ्र ही दोषियों की गिरफ्तारी की जाएगी।