अश्लील हरकत पर किशोरी ने शोहदे को पकड़ा और जमकर धुना
मड़ियांव क्षेत्र में एक बहादुर किशोरी ने शोहदे को दौड़ाकर पकड़ा और मोहल्ले वालों के सामने उसकी जमकर धुनाई की। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
किशोरी ने पुलिस को बताया कि वह बृहस्पतिवार रात छोटी बहन संग छत पर सो रही थी। देर रात बहन नीचे चली गई। उसे अकेला देखकर पड़ोस में रहने वाला धीरेंद्र दीक्षित बाउंड्री फांदकर छत पर आ गया और उससे अश्लील हरकत करने लगा। शोर मचाने पर धीरेंद्र भाग निकला।
शनिवार को दोबारा उसे देखकर अश्लील फब्तियां कसने लगा। इसके बाद किशोरी ने रेड ब्रिगेड की ऊषा विश्वकर्मा से संपर्क किया। रेड ब्रिगेड की टीम के साथ मिलकर किशोरी ने शोहदे को मोहल्ले में ही दौड़ाकर पकड़ लिया और जमकर धुनाई की।
इस दौरान शोहदे ने किशोरी से माफी मांगी। हालांकि रेड ब्रिगेड की टीम संग मिलकर किशोरी उसे घसीटते हुए मड़ियांव थाने ले गई।
आरोपी को बचाने में जुटी रही पुलिस
किशोरी जब आरोपी को लेकर थाने पहुंची तो पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने में आनाकानी करने लगी। इसके बाद उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन देकर टरकाने की कोशिश की। इस पर महिलाएं आक्रोशित हो गई।
उन्होंने प्रदर्शन शुरू कर दिया। साथ ही उच्च अधिकारियों से शिकायत की बात कही। इसके बाद मजबूरी में एसओ मड़ियांव संतोष सिंह ने रिपोर्ट दर्ज की। हालांकि पुलिस किशोरी के घरवालों पर समझौते का दबाव बनाते रहे।
पिटाई का वीडियो हुआ वायरल
छेड़खानी के आरोपी धीरेंद्र की पिटाई करते समय किशोरी की सहेलियों ने ही मोबाइल फोन से इसका वीडियो भी बना लिया। इसके बाद यह वीडियो वाट्सएप पर वायरल हो गया। वीडियो में किशोरी सबके सामने शोहदे को तमाचे मार रही है।