{"_id":"60adcbe35e24610aae3758ca","slug":"a-priest-murdered-in-a-village-in-barabanki","type":"story","status":"publish","title_hn":"बाराबंकी: मंदिर में सो रहे पुजारी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या, केस दर्ज","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
बाराबंकी: मंदिर में सो रहे पुजारी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या, केस दर्ज
Wed, 26 May 2021 06:50 PM IST
ishwar ashish
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बाराबंकी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बाराबंकी
Published by: ishwar ashish
Updated Wed, 26 May 2021 06:50 PM IST
सार
बाराबंकी के एक मंदिर में एक पुजारी की मंगलवार रात बदमाशों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
घटना के बाद सुबह इकट्ठे हुए लोग।
- फोटो : amar ujala
विस्तार
मंदिर के एक पुजारी की मंगलवार रात चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारे पुजारी की साइकिल व कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखा सब सामान उठा ले गए। इससे लूट के बाद हत्या होने का शक जताया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी हुई है। एसपी व सीओ ने भी घटनास्थल का जायजा लिया है। वारदात के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। घटना के बाद गांव में तनाव व दहशत का माहौल है। इसको लेकर पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं देरशाम आईजी अयोध्या डॉ. संजीव गुप्ता ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की पड़ताल की।
विज्ञापन
मामला थाना टिकैतनगर क्षेत्र के ग्राम खमोली का है। यहां गांव के बाहर टिकैतनगर-भेलसर मार्ग पर बने हनुमान मंदिर में वर्ष 2018 से कोतवाली रामसनेहीघाट के भुंडेहरी गांव निवासी सुरेश (65) पुजारी का कार्य करता था और मंदिर के सामने बने कमरे में रहता था। मंगलवार रात किसी ने सुरेश की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। मृतक के चेहरे पर चाकू से कई बार वार किए गए हैं जिससे उसकी आंखें फूटी हुई हैं और जबड़ा टूटा हुआ है।
विज्ञापन
सुरेश के कमरे में रखे बक्सा खुला हुआ था। दानपात्र खाली था और उसकी साइकिल भी गायब थी। बक्से में क्या था, इसकी जानकारी सुरेश के परिजनों को भी नहीं है। सुरेश के बेटे कमलेश ने बताया कि हाल ही में उनके पिताजी ने गेहूं बेचा था जिसका पैसा उनके पास मौजूद था। बुधवार सुबह मंदिर सफाई करने पहुंचे शिवनाथ ने पुजारी को क्षतविक्षत अवस्था में पड़ा देखा तो मामले की जानकारी ग्रामीणों को दी। इसके बाद सूचना पर पहुंचे कोतवाल नारदमुनि सिंह ने पुलिस टीम के साथ जांच शुरू की है। लेकिन हत्यारों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
विज्ञापन
एसपी यमुना प्रसाद, सीओ पंकज सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की और ग्रामीणों से पूछताछ की। घटनास्थल से 50 मीटर दूर खेत में पी गई शराब की शीशियां बरामद की गई हैं। मृतक पुजारी के बेटे कमलेश ने अज्ञात पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। जिस पर केस दर्ज किया गया। वहीं क्षेत्रीय विधायक सतीश शर्मा ने भी मौके पर जाकर पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया है।
24 घंटे में मामले के खुलासे के दिए निर्देश
एसपी ने बताया कि मामले में खुलासे के लिए टीमें गठित की गई हैं। उम्मीद है कि 24 घंटे में मामले का खुलासा किया जाएगा। कप्तान ने कहा कि मंदिर में पुजारी का कमरा अस्तव्यस्त मिला है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। आईजी ने भी जल्द से जल्द मामले के खुलासे के निर्देश दिए हैं। घटना के बाद फॉरेंसिक व डाग स्क्वॉयड टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है।