कब्र खुदी, निकला लड़की का शव, होगा पोस्टमार्टम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के अंबेडकर नगर जिले के जैतपुर थाना अंतर्गत चौदहप्रास घाट पर एक दिन पूर्व मिले किशोरी के शव मामले में सोमवार को नया मोड़ आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने शव का पोस्टमार्टम कराए जाने का निर्देश दिया।
इस पर सोमवार को तहसीलदार की देखरेख में दफनाए गए शव को बाहर निकाला गया और इसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बताते चलें कि एक दिन पूर्व रविवार प्रात: चौदहप्रास गांव में उस समय सनसनी फैल गई थी, जब भैंस चराने गए कुछ ग्रामीणों ने तमसा नदी के चौदहप्रास घाट पर एक किशोरी का शव पड़ा देखा।
उस समय तक यह साफ नहीं हो पाया कि यह शव किसका है। बाद में इस शव को दफना दिया गया। इस शव के मिलने के बारे में पुलिस में भी कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
बाद में हुई पहचान
दफनाए जाने के पहले उस लड़की की पहचान तो हो गई थी लेकिन यह पता नहीं चल पाया था कि यह मौत किस वजह से हुई है। लड़की की पहचान तीन दिन पूर्व घर से लापता हुई छाया (13) पुत्री छोटेलाल के रूप में हुई। बाद में पहुंचे परिवारीजनों ने शव को आननफानन दफना दिया था।
घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म था। पुलिस ने पहले तो समूचे घटनाक्रम की जानकारी होने से इंकार किया था, लेकिन बाद में जब उसके संज्ञान में लाया गया, तो मामला दिखवाने की बात पुलिस द्वारा कही गई थी।
इस बीच प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शव का पोस्टमार्टम कराए जाने का निर्देश दिया। इस पर सोमवार प्रात: गांव पहुंचे तहसीलदार सत्येंद्र सिंह की देखरेख में पुलिस ने शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसओ विजय कुमार मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।