रायबरेली: चाकू से गोदकर युवक की हत्या, प्रेम-प्रसंग में अंजाम दी गई वारदात
अपने दोस्तों के साथ शराब पीने निकले युवक का शव मिल एरिया थाना क्षेत्र के करीब पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि युवक की हत्या प्रेम-प्रसंग में की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मिल एरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह उसका शव गांव के निकट पड़ा मिला। उसके पेट और पैर में चाकू से करीब आठ बार वार किए गए थे। सूचना पाकर सीओ सदर महिपाल पाठक और थानेदार आशुतोष त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस की शुरुआती जांच में प्रेम-प्रसंग में हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने मृतक के तीन साथियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
मिल एरिया थाना क्षेत्र के उमरपुर गेरखुआ मैनूपुर निवासी दिनेश (40) बेड़िया मंगलवार शाम करीब छह बजे गांव के ही रहने वाले अपने साथी दिलीप, हरीलाल के साथ ठेके पर शराब पीने गया था। रात करीब नौ बजे गांव का ही राजेश दिनेश की साइकिल लेकर उसके घर पहुंच गया। पत्नी माधुरी ने पति के बारे में पूछा तो उसने जवाब दिया कि उसका पति दिलीप, हरीलाल के साथ शराब पी रहा है। इसके बाद राजेश चला गया।
बुधवार तड़के पांच बजे उसके पति का शव मैनूपुर जाने वाले रास्ते पर खून से लथपथ पड़ा मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दिनेश के पेट और पैर पर चाकू से करीब आठ बार वार किए गए थे। पूरा शरीर खून से लथपथ था। मामले में पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने दिलीप, हरीलाल और राजेश के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस तीनों आरोपियों की तलाश कर रही है।
आशिक मिजाज था मृतक दिनेश
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि दिनेश आशिक मिजाज का था। घटना में नामजद कराए गए एक आरोपी की चाची के साथ उसके अवैध संबंध थे। यही नहीं एक अन्य महिला के साथ भी उसका प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इस बात की जानकारी आरोपियों को हो गई थी। कई बार आरोपियों ने दिनेश को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। बताया जा रहा है कि शराब पिलाने के बहाने उसे ठेके पर ले जाया गया और फिर उसका कत्ल कर दिया गया।
नामजद के अलावा दो और नाम सामने आए
पत्नी की तहरीर पर मामले में तीन लोगों पर हत्या का केस दर्ज कराया गया है। पुलिस की जांच में दो और हत्या आरोपियों के नाम सामने आए हैं। उनका भी इस हत्या में हाथ होना बताया जा रहा है। पुलिस आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
मामले पर जिले के एसपी श्लोक कुमार का कहना है कि मिल एरिया थाना क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग के चलते युवक की हत्या की गई है। पत्नी की तहरीर पर मृतक के साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। जल्द आरोपियों को पकड़कर जेल भेजा जाएगा।