तंत्रमंत्र के फेर में बच्ची को गाड़ दिया, कब्र पर अगरबत्ती जला भागा
लखनऊ के कैसरबाग इलाके में एक व्यक्ति ने लंबे समय से बीमार चल रही अपनी 13 साल की बेटी का शव कोठरी में गाड़ा। कब्र पर अगरबत्ती सुलगाई और ताला लगाकर पड़ोसी के घर की पुताई करने चला गया।
बच्ची नजर न आने पर सशंकित चाचा ने पुलिस को कॉल की। भांडा फूटते देख आरोपी फरार हो गया। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र खोदकर बच्ची का शव निकाला गया।
कोठरी में अगरबत्ती सुलगने के साथ फल, चाऊमीन व नीबू रखे देख परिवारीजनों ने तंत्रमंत्र के फेर में हत्या का अंदेशा जताया। आरोपी की तलाश कर रही पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
पुलिस के मुताबिक, कैसरबाग के मोहल्ला सफदलबाग स्थित मकान के भूतल के पिछले हिस्से में मजदूर राजकुमार कोरी अपनी बेटी नैनसी (13) के साथ रहता था।
भनक लगते ही हो गया फरार
अगले हिस्से में उसका छोटा भाई सुनील व प्रथम तल पर दो अन्य भाई संजय और मोहन रहते हैं। राजकुमार की पत्नी संतोष की टीबी की बीमारी के चलते तीन साल पहले मौत हो गई थी। नैनसी लंबे समय से बीमार चल रही थी।
दिवाली के मौके पर राजकुमार कुछ दिनों से पड़ोस के एक घर की पुताई कर रहा था। वह सुबह सात बजे कोठरी पर ताला लगाकर काम पर चला गया। सुनील व उसकी पत्नी ने हमेशा चारपाई पर पड़ी रहने वाली नैनसी के नजर न आने पर तलाश शुरू की।
इसकी भनक लगने पर राजकुमार अपना सेलफोन छोड़कर फरार हो गया। संदेह होने पर संजय ने पुलिस को कॉल की।
पुलिसकर्मियों ने राजकुमार के न मिलने पर परिवारीजनों की मौजूदगी में ताला तोड़ा। कच्ची फर्श वाली कोठरी में ताजी बनी कब्र पर अगरबत्ती सुलग रही थी। दो सेब, अमरूद, चाऊमीन व नीबू पड़ा था।
बच्ची के गले पर मिला निशान
पुलिसकर्मियों ने उच्चाधिकारियों को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र खोदकर नैनसी का शव निकाला गया। उसके गले पर फोड़े का पुराना निशान था।
कोई जाहिरा चोट नजर न आने पर पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही और फरार राजकुमार की तलाश की जा रही है।
तंगहाली के चलते नहीं कराया इलाज
नैनसी के शरीर पर फोड़ों के कई निशान थे। शव के पास रो रही दादी रामरती ने पुलिस को बताया कि वह और बेटी अंजू मकान के अगले हिस्से में सुनील के साथ रहती है।
लंबे समय से बीमार नैनसी के इलाज के लिए कई बार राजकुमार पर दबाव बनाया लेकिन वह तंगहाली की बात कहकर झिड़क देता था।
तंत्रमंत्र से बच्ची को ठीक करने की कवायद
सुनील की पत्नी ने पुलिस को जानकारी दी कि राजकुमार मजदूरी करके लौटता और खाना पकाकर खाने के बाद कोठरी में कालीजी की पूजा शुरू कर देता था।
वह तंत्रमंत्र से नैनसी को ठीक करने और तंगहाली दूर करने की बात कहता था।
भूख से व्याकुल थी नैनसी
रामरती ने बताया कि बीमार नैनसी ने शुक्रवार दोपहर उससे खाना मांगा था। उसने अंजू से खाना लेने की बात कही लेकिन अंजू ने खाना नहीं दिया। इसके बाद से नैनसी की आवाज नहीं सुनाई दी।