संपत्ति के लालच में पिता को रॉड से पीटा, गोली से उड़ाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
संपत्ति के लालच में कलियुगी बेटों राहुल व संदीप ने बीकेटी में किसान रामशरण को पहले लोहे की रॉड से पीट-पीटकर लहूलुहान किया। इसके बाद गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद बेटे फरार हो गए। किसान ने मौके पर ही तड़पते हुए दम तोड़ दिया। पुलिस आरोपी बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके दबिश दे रही है।
बीकेटी के गांव देवरी रुखारा निवासी किसान रामशरण गोस्वामी (60) का कई सालों से अपनी पत्नी लज्जावती, बेटे राहुल, संदीप कुमार से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है।
इसके चलते किसान रामशरण गोस्वामी कई सालों से गांव देवरी रूखारा में ही सीतापुर रोड पर रामपुर बेहड़ा तिराहे के सामने बने अपनी बहन तारादेवी के घर में रहता था।
किसान के पुत्रों व पत्नी ने किसान के खिलाफ संपत्ति विवाद को लेकर कई बार बीकेटी थाने व कई अन्य आला अधिकारियों को शिकायती पत्र भी दिए लेकिन, सुनवाई नहीं हुई। नाराज होकर किसान एक महीने पहले अपनी रिश्तेदारी में चला गया था।
पहले भी लगाया था परिजनों पर आरोप
इस पर किसान के बेटे राहुल ने बीकेटी थाने में 25 अप्रैल को अपने पिता का अपहरण करने का आरोप लगाते हुए किसान की बहन तारावती व उसके परिवारीजनों के खिलाफ प्रार्थना-पत्र दिया था।
पुलिस ने किसान रामशरण को 10 मई को गांव कठवारा में एक रिश्तेदार के घर से बरामद कर लिया था। पुलिस ने इस मामले में किसान रामशरण व उसके बेटे राहुल को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार भी किया था। इसके बाद से किसान रामशरण फिर अपनी बहन तारादेवी के घर में रहने लगा था।
बृहस्पतिवार शाम आठ बजे बाइक पर सवार राहुल, संदीप अपने ममेरे भाई अशोक कुमार के साथ रामपुर बेहड़ा तिराहे के पास स्थित किसान रामशरण की बहन तारादेवी के घर आए। इस दौरान रामशरण घर के दरवाजे पर बैठा था। तीनों युवकों ने उस पर लोहे की रॉड से पिटाई करनी शुरू कर दी।
...और सिर पर गोली मारकर फरार हो गए
पहले सिर पर वार कर घायल कर दिया। इसी दौरान किसान की बहन तारादेवी व भांजी शीलूदेवी किसान को बचाने के लिए आई तो तीनों युवकों ने उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया।
किसान के सिर पर तमंचे से गोली मार दी और फरार हो गए। पुलिस ने किसान, उसकी बहन व भांजी को लेकर राम सागर मिश्र चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने किसान को मृत घोषित कर दिया।
किसान की बहन व भांजी का आरोप है कि बेटों से उनका संपत्ति विवाद चल रहा है। कुछ दिन पहले ग्रामीणों ने दोनों के बीच समझौता कराया था और दो बीघा जमीन देने के लिए रामशरण राजी भी हो गया था।
इसके बाद भी बेटे संतुष्ट नहीं थे और पूरी जमीन हथियाना चाहते थे। बहन तारा देवी की तहरीर पर राहुल, संदीप व उनके ममेरे भाई बाराबंकी के घुंघटेर निवासी अशोक कुमार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।