UP: किसने और क्यों ली तीन बेगुनाहों की जान?
नौ साल से पति-पत्नी की तरह रह रहे युगल और उनकी तीन साल की बेटी की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई। हथियारों से लैस हमलावरों ने मृतक के भाई पर भी जानलेवा हमला किया, लेकिन वह बाल-बाल बच गया।
इस सनसनीखेज वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा है।
डीआईजी और एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। मृतक के भाई ने मृत महिला के पूर्व पति, बेटे सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ऊसराहार थाना क्षेत्र के गांव इकघरा निवासी परशुराम यादव (55) पुत्र हाकिम सिंह अपनी कथित पत्नी विमला (45) व तीन वर्षीय पुत्री हिमांशी के साथ सोमवार की रात अपने मकान की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में सो रहे थे।
पड़ोसियों पर भी हमले की कोशिश
रात करीब 12 बजे चार लोग सीढ़ियों के रास्ते से छत पर चढ़ गए। हमलावरों ने सो रहे परशुराम, विमला और मासूम हिमांशी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।
फायरिंग सुनकर पड़ोस में रह रहे परशुराम के भाई जयराम यादव ने शोर मचाया तो हमलावरों ने उसके दरवाजे को भी तोड़ने का प्रयास किया और गोलियां चलाईं।
फायरिंग व जयराम की चीख पुकार सुनकर गांव के लोगों ने शोर मचाना शुरू किया। इस पर हमलावर भाग खड़े हुए। हमलावरों के भागने के बाद जयराम ने मौके पर जाकर देखा तो तीनों की मौत हो चुकी थी।
उन्होंने इसकी सूचना तत्काल ऊसराहार थाना पुलिस को दी। तिहरे हत्याकांड की जानकारी होते ही एसएसपी डॉ. राकेश सिंह, एएसपी सर्वानंद यादव के अलावा आसपास के थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा। पुलिस ने रात में ही शवों को पोस्टमार्टम के लिए इटावा भिजवा दिया।