दरिंदगी से आहत किशोरी ने खाया जहर, गंभीर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इटौंजा के एक गांव में दरिंदगी से आहत किशोरी ने बृहस्पतिवार सुबह जहर खा लिया। खून की उल्टी होने पर परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर है।
पिता ने गांव के ही एक युवक पर बेटी से रेप का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस का कहना है मामला प्रेम प्रसंग का है, जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, इंटौजा के एक गांव में रहने वाले एक किसान की 15 वर्षीय बेटी मंगलवार देर शाम खेत की तरफ गई थी।
जहां गांव का ही संजय गौतम भी पहुंच गया और किशोरी का हाथ पकड़कर उसे साथ ले जाने की जिद करने लगा। किशोरी के मना करने पर संजय ने उसके साथ दुराचार किया।
विरोध करने पर उसकी पिटाई भी की। इसके बाद किशोरी के पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते भाग निकला। दो दिन तक किशोरी गुमसुम हालत में घर बैठी रही।
शक होने पर मां ने उससे पूछताछ की तो उसने रोते हुए आपबीती बताई। लेकिन परिजन लोकलाज के चलते मामला दबाए रहे। इस बीच दरिंदे के हौसले बुलंद हो गए और वह किशोरी के परिवार को धमकाने लगा।
कमरे में दुबकी रहती थी किशोरी
बृहस्पतिवार सुबह इससे आहत किशोरी ने घर में रखा जहर खा लिया। कुछ देर में ही उसे खून की उल्टियां होने लगीं और वह बेसुध होकर गिर गई। परिजनों ने उसे साढ़ामऊ अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पिता ने दुराचार का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। इंस्पेक्टर अशोक कुमार पांडेय ने बताया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है।
जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी। पिता ने बताया कि दरिंदगी के बाद से किशोरी डरी-सहमी कमरे में दुबकी बैठी रहती थी। परिजन उससे बातचीत करने की कोशिश करते तो वह शांत हो जाती।
किशोरी ने घर से बाहर निकलना भी बंद कर दिया था। किशोरी से दरिंदगी के बाद उसके खुदकुशी की कोशिश की खबर गांव में फैली तो हड़कंप मच गया। वहीं मामले की जानकारी पाकर पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की छानबीन की।
पुलिस का कहना है हालत में सुधार होने पर किशोरी का बयान दर्ज किया जाएगा। वहीं घटना बाद से आरोपी गांव छोड़कर फरार है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।