मिशन यूपी नहीं 'मिशन मोदी' है भाजपाइयों का मकसद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 मई को मथुरा में आयोजित रैली में भीड़ जुटाने के लिए मुख्य रूप से आसपास के जिलों पर फोकस किया गया है। इस प्रयास में जिला अध्यक्षों, विधायकों व उस क्षेत्र के सांसदों को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) शिवप्रकाश व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने खुद रैली की तैयारियों की कमान संभाल रखी है।
प्रधानमंत्री अपनी सरकार की पहली वर्षगांठ पर जनसंघ के संस्थापक पं. दीनदयाल उपाध्याय की जन्मस्थली मथुरा के दीनदयाल धाम (नगला चंद्रभान) आ रहे हैं। वह यहां पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद रैली को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री का लगभग तीन बजे मथुरा पहुंचने का कार्यक्रम है। भाजपा ने रैली में भीड़ जुटाने के लिए बृज क्षेत्र के प्रत्येक जिले के लिए पार्टी के एक-एक प्रदेश पदाधिकारी को प्रभारी नियुक्त किया है।
इन जिलों पर किया जा रहा है खास फोकस
पश्चिम के क्षेत्र प्रभारी स्वतंत्र देव सिंह और बृज क्षेत्र के प्रभारी आशुतोष टंडन उर्फ गोपाल के अलावा प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल लगातार जिलों का दौरा कर रहे हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष शिव प्रताप शुक्ला और हरद्वार दुबे भी आगरा व मथुरा में हैं।
प्रदेश अध्यक्ष वाजपेयी रविवार को मथुरा से लौटे हैं। वह 20 मई से फिर मथुरा और आसपास के जिलों का दौरा करेंगे। भीड़ जुटाने के लिए जिन जिलों पर मुख्य रूप से फोकस किया गया है, उनमें मथुरा के अलावा आगरा, फीरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर व हापुड़ शामिल हैं।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. वाजपेयी ने बताया कि रैली की तैयारियों के लिए सभी जिलाध्यक्षों को जरूरी बातें बता दी गई हैं। यह रैली सिर्फ बृज क्षेत्र की है। इसमें लगभग दो लाख लोगों के आने की संभावना है।
इस लिहाज से रैली स्थल पर छाया, पानी और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सोमवार से मंच निर्माण के साथ ही अन्य कार्य भी शुरू हो जाएंगे।