भाजपा ने नाई समाज को खुश करने के लिए उठाया बड़ा कदम, केशव बोले- आप ही हमारी सरकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मिशन 2019 के लिए पिछड़ी जातियों के वोट को साधने में जुटी भाजपा की सामाजिक संगठन की बैठक में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने हर जिले में एक सड़क का नाम नाई समाज के प्रमुख नेता और बिहार के पूर्व सीएम रहे कर्पूरी ठाकुर के नाम पर करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जिस तरह सभी नदियां सागर में समाहित होती है उसी तरह देश भर की पिछड़ी जातियां पीएम मोदी को 2019 में फिर प्रधानमंत्री बनाने के लिए लामबंद हैं।
पीडब्ल्यूडी के विश्वेश्वरैया हॉल में गुरुवार को भाजपा ओबीसी मोर्चा की ओर से आयोजित नाई समाज की बैठक में उन्होंने कहा कि विपक्षी दल पिछड़ी जाति और गरीब परिवार में जन्मे पीएम मोदी को रोकने के लिए एकजुट हो रहे हैं। ऐसे में पिछड़े वर्ग का भी दायित्व है कि वह मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लेकर अभियान चलाए कि 2019 के लोकसभा चुनाव में मोदी विरोधी सभी गठबंधन धराशायी हो जाएं।
देश की जनता जानती है कि मोदी ने बिना भेदभाव के हर वर्ग और समुदाय के लिए ईमानदारी से काम किया है। नाई समाज का विकास में अहम योगदान है। लेकिन आजादी के बाद भी देश में गरीब सरकार की योजनाओं से वंचित थे। केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार ने अल्प अवधि में सभी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाया है।
'2019 में मोदी आए तो विपक्षियों का सत्ता में लौटना मुश्किल'
केशव ने कहा कि कांग्रेस, सपा, बसपा और अन्य विरोधी दल जानते हैं कि अगर 2019 में मोदी फिर पीएम बने तो विपक्षी कभी सत्ता में नहीं लौट पाएंगे। बैठक को ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश वर्मा, पिछड़ा वर्ग वित्त विकास निगम के अध्यक्ष बाबू राम निषाद, समाज कल्याण निर्माण निगम के अध्यक्ष बीएल वर्मा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के सह प्रभारी ब्रज बहादुर, पूर्व एमएलसी रामचंद्र प्रधान और हीरा ठाकुर ने भी संबोधित किया।
केंद्र व राज्य की योजनाओं का लाभ ओबीसी को मिला
डिप्टी सीएम ने केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि इनका सर्वाधिक लाभ पिछड़े वर्ग को मिला है। प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला, शौचालय निर्माण, जनधन और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा सहित कई योजनाएं हैं जिनसे पिछड़े वर्ग का स्तर ऊंचा हुआ है। इतना ही नहीं सरकार ने अब आयुष्मान भारत स्कीम लागू कर गरीब और पिछड़े वर्ग के उच्च स्तरीय इलाज की भी व्यवस्था सुनिश्चित कर दी है। ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा मिलने से पिछड़े और अति पिछड़े वर्ग के अधिकारों की रक्षा होगी।
'आपने ही हमें मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री बनाया है। हमारे लिए आप ही सरकार हैं'
केशव ने अपने चिरपरिचित अंदाज में कहा कि नाई समाज की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार और संगठन हर संभव प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि आपने ही हमें मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री बनाया है। हमारे लिए आप ही सरकार हैं।
सरकार ने खजाना खोला : बाबूराम
उप्र. पिछड़ा वर्ग वित्त विकास निगम के अध्यक्ष बाबूराम निषाद ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछडे़ वर्ग के कल्याण के धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ पिछड़े वर्ग की समस्याओं के समाधान के प्रति सरकार गंभीर है। केंद्र सरकार ने ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर ऐतिहासिक कार्य किया है।