ड्रीम प्रोजेक्ट के लिए अखिलेश ने लिया 1530 करोड़ का कर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रफ्तार पकड़ रहे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे को कर्ज का सहारा मिल गया है। चुनाव के पहले एक्सप्रेस-वे पूरा होने में पैसे की कमी आड़े न आए, इसलिए सरकार ने हडको से 3000 करोड़ रुपये कर्ज लेने का फैसला किया है।
हडको के क्षेत्रीय प्रमुख अरुण कुमार ने शुक्रवार को यूपीडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नवनीत सहगल को 1530.64 करोड़ रुपये का ऋण स्वीकृति पत्र सौंपा।
एनेक्सी मीडिया सेंटर में यूपीडा के सीईओ सहगल ने बताया कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की प्राथमिकता के अनुरूप आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का काम तेजी से चल रहा है।
करीब 13 हजार 845 करोड़ की लागत वाली इस परियोजना के लिए हडको से पहले चरण में 1530.64 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता मंजूर हुई है।
1500 करोड़ की दूसरी किस्त के लिए जल्द आवेदन होगा। एक्सप्रेस-वे पर मिट्टी का करीब 45-50 फीसदी काम पूरा हो गया है। इस पर गंगा और यमुना पर बनने वाले दोनों पुल व चार रेलवे ओवरब्रिज का काम शुरू है।
अक्टूबर 2016 तक चालू कर दिया जाएगा एक्सप्रेस वे
250 अंडरपास में से करीब 30 प्रतिशत काम शुरू है। इसके अलावा जरूरी जमीन का 99.43 प्रतिशत (347.90 हेक्टेयर) की व्यवस्था हो चुकी है।
उन्होंने दावा किया कि एक्सप्रेस-वे को अक्तूबर 2016 तक पूरा कर चालू कर दिया जाएगा। सहगल ने एक्सप्रेस-वे के लिए किसानों के सहयोग व सहमति से भूमि अधिग्रहण को मिशाल के रूप में पेश करते हुए कहा कि इसकी चर्चा देश के कई राज्यों में हो रही है।
302 किमी. लंबे एक्सप्रेस-वे पर बनने वाली दो मंडियों, फिल्म सिटी व लाजिस्टिक हब के लिए जमीन तलाश ली गई है। अब इसके अधिग्रहण की कार्यवाही होगी। यह एक्सप्रेस-वे राष्ट्रीय राजधानी व प्रदेश की राजधानी को सीधे लिंक करेगा तथा मध्य व पश्चिमी यूपी राष्ट्रीय राजधानी से सीधे जुड़ जाएगी।