West UP News Live : मुठभेड़ में घायल हुआ इनामी बदमाश, वीडियो वायरल के बाद आठ गिरफ्तार
West UP News Live : जहां सहारनपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 10 हजार रुपये का इनामी बदमाश गोली लगने से घायल तो वहीं बागपत में उपचुनाव की रंजिश में एक व्यक्ति को लहूलुहान कर दिया गया। पढ़िए वेस्ट यूपी का पल-पल का अपडेट-
लाइव अपडेट
मुजफ्फरनगर के चरथावल में पुलिस ने कान्हाहेड़ी गांव में मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान किया गया है।
थाना प्रभारी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि सरसावा क्षेत्र से लड़की को लेने मायके पक्ष के लोग कान्हाहेड़ी आए थे। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के आठ आरोपी करनाल निवासी अंकित, अमित और संकित, सहारनपुर के कस्बा एवं थाना सरसावा निवासी आकाश और मांगेराम एवं कान्हाहेड़ी निवासी प्रेमपाल, अंकुर और सौरभ को गिरफ्तार कर लिया। सभी का शांति भंग करने के आरोप में चालान किया गया। उधर, पुलिस ने एक वारंटी कुटेसरा निवासी अली मौ. को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
मेरठ के फलावदा थाना क्षेत्र के ग्राम बहजादका के जंगल में युवक का शव जमीन में दबा मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने शव की सूचना थाना पुलिस को दे दी है। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की पहचान 22 वर्षीय उत्तमवीर पुत्र अजय निवासी बहजादका के रूप में की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मेरठ मंडल में ऑनलाइन हाजिरी के विरोध में माननीय मुख्यमंत्री के नाम जिला कार्यालय कलेक्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा गया। ऑनलाइन हाजिरी का पुरजोर विरोध किया गया। जिलाध्यक्ष सोहित कुमार, जिला महामंत्री जयविंदर कुमार, जिला कोषाध्यक्ष मनोज कुमार वाल्मीकि, जिला संगठन मंत्री विपिन कुमार, जिला सप्रेषक मंत्री संजय कुमार, संरक्षक गुड्डू यादव और हमारी मातृशक्ति माता-बहन सभी 12 ब्लॉक के अध्यक्ष और समस्त कर्मचारी आदि मौजूद रहे।
बिजनौर में नजीबाबाद तहसील के भागूवाला क्षेत्र के रपटे में पानी आने से नेपाल की टूरिस्ट बस फंस गई। समय रहते बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। टूरिस्ट बस कोटावाली नदी के रपटे में फंसने की सूचना मिलने पर एसडीएम रम्य आर और सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने घटनास्थल पहुंच कर निरीक्षण किया।
वोट न देने पर किया लहूलुहान: फावड़े व हथियारों से हमला
बागपत जनपद में बड़ौत के बड़ौली गांव में ग्राम प्रधान के उपचुनाव में वोट न देने पर हारे प्रत्याशी के भाई ने एक व्यक्ति पर फावड़े व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। जिसमें व्यक्ति लहुलुहान होकर जमीन पर गिर गया। उसे मरा समझ हमलावर भाग निकले। बाद में परिजन व अन्य ग्रामीण घायल को लेकर कोतवाली में पहुंची। परिजनों ने पुलिस और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
West UP News Live : मुठभेड़ में घायल हुआ इनामी बदमाश, वीडियो वायरल के बाद आठ गिरफ्तार
पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़यूपी के सहारनपुर जनपद में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक 10 हजार का इनामी बदमाश गोली लगने से घायल हो गया है। पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया है।