बागपत: घर से बुलाकर ले गए चार युवक, 28 वर्षीय सौरभ की हत्या कर नैथला के जंगल में फेंका शव
बागपत के बडौली गांव निवासी 28 वर्षीय सौरभ का शव सोमवार सुबह नैथला के जंगल में मिला। परिजनों ने चार युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए सरूरपुर पुलिस चौकी पर हंगामा किया।
विस्तार
बागपत जनपद के बडौली गांव निवासी 28 वर्षीय युवक सौरभ का शव सोमवार सुबह नैथला गांव के जंगल में मिला। परिजनों ने हत्या कर शव जंगल में फेंकने का आरोप लगाया है। घटना से गुस्साए परिजनों ने सरूरपुर पुलिस चौकी पहुंचकर हंगामा किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। युवक की मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
चार युवक बाइक से घर पहुंचे थे
बडौली निवासी राजवीर का 28 वर्षीय पुत्र सौरभ अविवाहित था। उसकी मां सुनीता के अनुसार, रविवार शाम करीब 5:30 बजे चार युवक बाइक पर सवार होकर घर पहुंचे थे। चारों सौरभ को अपने साथ बुलाकर ले गए थे। इसके बाद सौरभ घर वापस नहीं लौटा।
यह भी पढ़ें: यूपी पुलिस के एनकाउंटर का खौफ: बुलेट प्रूफ जैकेट और बेड़ियां पहनकर कोर्ट पहुंचे लॉरेंस-गोगी गैंग के दो शूटर
परिजनों के मुताबिक, सोमवार सुबह नैथला गांव के जंगल में सौरभ का शव पड़ा मिला। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने उन चारों युवकों पर सौरभ की हत्या कर शव जंगल में फेंकने का आरोप लगाया है।
पुलिस चौकी पहुंचकर किया हंगामा
सौरभ की मौत से नाराज परिजन सरूरपुर पुलिस चौकी पहुंचे। उन्होंने काफी देर तक हंगामा किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई। परिजनों ने मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
पुलिस अधिकारियों ने जताई अनभिज्ञता
सीओ अंशु जैन ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। एसएसआई प्रियव्रत ने भी घटना की जानकारी से अनभिज्ञता जताई।
