फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jammu and Kashmir ›   Jammu News ›   Weather Woes:  14 killed in ground and sky disaster

Weather Woes: जम्मू संभाग में बादलों का कहर, वैष्णो देवी मार्ग पर भूस्खलन; जमीन और आसमानी आपदा में 14 की मौत

Wed, 27 Aug 2025 01:42 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Wed, 27 Aug 2025 01:42 AM IST
सार

भूस्खलन, पानी में बहने और मकान गिरने से संभाग में 14 लोगों की मौत हो गई। श्री माता वैष्णो देवी मार्ग पर भूस्खलन से सबसे ज्यादा 8 लोगों की मौत हुई है। 20 लोग घायल हैं।

विज्ञापन
Weather Woes:  14 killed in ground and sky disaster
कीड़ियां गंडियाल में दिल्ली कटरा एक्सप्रेसव वे के पुल की शटरिंग भी बाढ़ में बही। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

जम्मू संभाग में बादलों के वज्रपात से भारी तबाही हुई है। भूस्खलन, पानी में बहने और मकान गिरने से संभाग में 14 लोगों की मौत हो गई। श्री माता वैष्णो देवी मार्ग पर भूस्खलन से सबसे ज्यादा 8 लोगों की मौत हुई है। 20 लोग घायल हैं। मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका है। तीन पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं। संभाग में 2014 के बाद (11 साल) मंगलवार को फिर ऐसी जल तबाही देखने को मिली है। पिछले चार दिन से भारी बारिश से संभाग के लगभग सभी जिलों में जनजीवन पटरी से उतर गया है। चारों ओर भारी क्षति हुई है। जम्मू संभाग की सभी प्रमुख नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। प्रभावित क्षेत्रों में सैकड़ों लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर शरण ली है।

विज्ञापन


श्री माता वैष्णो देवी मार्ग पर मंगलवार को भूस्खलन के बाद यात्रा को रोक दिया गया है। अर्द्धकुंवारी स्थित इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास बचाव अभियान जारी है। कटड़ा के पास ही दोमेल मार्ग पर भूस्खलन से पानी में पांच युवक बह गए। दो ने किसी तरह पेड़ पकड़कर अपनी जान बचाई। तीन अब भी लापता हैं। सभी युवक राजस्थान के धौलपुर के सैपऊ कस्बे के निवासी बताए जा रहे हैं। भद्रवाह के थनाला गांव में कच्चा मकान गिरने से युवती की जान चली गई। डोडा के के गंडोह में घर ढहने से दो, ठाठरी में एक की बाढ़ में बहने से और डोडा के ही कहरा गांव में एक की मौत हुई है।
विज्ञापन


डोडा जिले के टांटा नाला पार करते समय एक 25 वर्षीय युवक नूर मोहम्मद युवक बह गया। कठुआ की आयुष और बिजली विभाग की नए भवन को नुकसान पहुंचा है। बसंतगढ़ में भूस्खलन से भारी मात्रा में कीचड़ आने से कई परिवार प्रभावित हुए हैं। हालांकि कोई जनहानि नहीं है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद, 22 ट्रेनें रद्द, दो उड़ानें निरस्त
जम्मू से रामबन में करीब 12 स्थानों पर भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद है। चक्की पुल पठानकोट पर बाढ़ जैसी स्थिति से जम्मू, उधमपुर, कटड़ा आने वाली 22 ट्रेनें रद्द कर दी गईं। जम्मू से श्रीनगर जाने वाली दो उड़ानें भी रद्द करनी पड़ीं।

जम्मू में पुलों पर आवाजाही नियंत्रित की गई
जम्मू में भगवतीनगर में तवी नदी पर बने पुल के एक हिस्से के धंस जाने से वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। शहर में तवी के तीन पुलों पर भी दोपहर बाद वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की गई। पूरे शहर में अफरातफरी का माहौल है। दूरसंचार सेवाएं ठप होने से लोग अपनों से संपर्क नहीं कर पाए। जम्मू पठानकोट मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही बंद है। किश्तवाड़ जिले में चिनाब नदी का जलस्तर बढ़ने से बड़ा द्राबशाला रतले पावर प्रोजेक्ट के पास लोहे का पुल बह गया। दिल्ली-कटड़ा एक्सप्रेसवे के पुल निर्माण को नुकसान पहुंचा है। कई जगह शटरिंग बह गई है। सांबा के विजयपुर में देविका पुल का हिस्सा धंस जाने से आवागमन ठप है।

नदियां उफान पर, नदी के किनारों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया
कठुआ के बनी, बिलावर में भारी बारिश के चलते रावी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। नदी के पास से 11 परिवारों को हटाया गया। यहां पानी का स्तर सवा लाख क्यूसेक तक पहुंच गया है। उज्ज में उफान से निचले गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति रही। चिनाब, सेवा, तरनाह और रावी खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। सहार खड्ड और मग्गर खड्ड में बाढ़ के हालात हैं। उधमपुर में भी तवी नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही है। जम्मू में तवी नदी के उफान पर आने से गुज्जरनगर, गोरखानगर, राजीवनगर, निक्की तवी व गोल तवी इलाके से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।

जगह-जगह रास्ते बंद
रामनगर, चिनैनी, पंचैरी, मजालता के कई इलाकों में भूस्खलन, पहाड़ों से पत्थर गिरने, पस्सियां गिरने की वजह से लिंक मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित है। बाड़ी ब्राह्मणा-परमंडल मार्ग बंद कर दिया गया है। सांबा के बसंतर से चींची देवी मंदिर के मध्य मार्ग को नुकसान पहुंचा है। भद्रवाह-डोडा मार्ग बंद है। सानाई भल्ला भद्रवाह में कई सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं।

भारी बारिश की चेतावनी, स्कूल-कॉलेज बंद, रात नौ बजे के बाद आवाजाही पर पाबंदी
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने जम्मू संभाग में अगले चौबीस घंटे भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। संभाग में सभी सरकारी व निजी स्कूलों के साथ ही कॉलेज,कोचिंग, विश्वविद्यालय बुधवार को बंद रहेंगे। हाईकोर्ट की 28 अगस्त को होने वाली परीक्षा स्थगित कर दी गई है। मंडलायुक्त के आदेश में सभी गैर जरूरी कार्यालय बंद किए गए हैं। रात नौ बजे के बाद आम लोगों के आवागमन पर पाबंदी लगाई गई है।

सीएम ने प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने लगातार बारिश के मद्देनजर जम्मू में बाढ़ से निपटने के उपायों की समीक्षा के लिए यहां एक बैठक की। मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा, उन्होंने अधिकारियों को हाई अलर्ट बनाए रखने और सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। वहीं अपनी पोस्ट में मुख्यमंत्री ने लिखा, मैं स्थिति पर व्यक्तिगत रूप से नजर रखने के लिए श्रीनगर से जम्मू के लिए अगली उपलब्ध उड़ान से जाऊंगा।


वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं की मौत पर उपराज्यपाल ने जताया दुख
लगातार भारी बारिश और भूस्खलन में श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की मौत पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को तत्काल सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा कि जम्मू संभाग के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश के कारण उत्पन्न स्थिति पर निरंतर नजर रखी जा रही है। सभी जिलों में आपातकालीन प्रतिक्रिया दल और जिला अधिकारियों को युद्धस्तर पर तैनात किया गया है। सभी से सुरक्षित रहने, परामर्शों का पालन करने और सभी आवश्यक सावधानियां बरतने का आग्रह किया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed