जम्मू। जीएमसी के सभागार में जेएकेएसआईसीओएन-2024 पर करवाई गई दो दिवसीय दसवीं वार्षिक कान्फ्रेंस में रोगी चिकित्सा देखभाल में सर्जरी के क्षेत्र पर विशेषज्ञों ने अनुभव साझा किए। इसमें सर्जरी क्षेत्र के भूत, वर्तमान और भविष्य के परिदृश्य पर चर्चा की गई। इसमें भविष्य की रोबोटिक्स सर्जरी पर बात की गई।
कान्फ्रेंस में प्रो. राजेंद्र प्रसाद एम्स नई दिल्ली ने रोबोटिक्स इन सर्जरी पर अनुभव बताए। उन्होंने कहा कि सर्जरी के क्षेत्र में रोबोटिक्स सर्जरी के बेहतर परिणाम मिल रहे हैं। इसमें स्टीक सर्जरी के साथ रोगी चिकित्सा देखभाल को गुणवत्तापूर्ण बनाया जा रहा है। प्रो. बीएल यादव ने निम्न आय समूहों में निचले जीवन इस्किमिया में ओमेन्टोपेक्सी पर बात की। इसके अलावा आयोजक चेयरमैन प्रो. संजय कुमार वसीन ने वर्मीफॉर्म अपेंडिक्स-अवशेष लेकिन रहस्यमय, पेडियाट्रिक सर्जरी स्किमस के पूर्व एचओडी डाॅ. अल्ताफ शेरा ने जन्मजात पित्त जाल और प्रो. नसीब चंद डिगरा ने प्राचीन काल में शल्य चिकित्सा पर व्याख्यान दिया। इस दौरान ई पोस्टर्स में माया श्याम अवार्ड में स्किम्स के अबरार हुसैन, डाॅ. आकांक्षा और डाॅ. किकेली ने क्रमश पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। प्रो. केएल कपूर क्विज में डाॅ. अबरार हुसैन, डाॅ. अकाब वानी (दोनों स्किम्स) और डाॅ. सूर्यायंश (जीएमसी जम्मू) ने पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया। इससे पहले मुख्य अतिथि प्रो. एचएल गोस्वामी पूर्व प्रिंसिपल व जेकेपीएससी के सदस्य ने कान्फ्रेंस का उद्घाटन किया। प्रिंसिपल डाॅ. आशुतोष गुप्ता ने कहा कि आधुनिक प्रौद्योगिकी से सर्जरी के क्षेत्र का विस्तार करने में मदद मिली है। यह सर्जरी पेशेवरों और मरीजों दोनों के लिए लाभदायक सिद्ध हो रही है। कान्फ्रेंस में सर्जरी क्षेत्र से जुड़े करीब तीन सौ प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान सर्जरी विभाग जीएमसी के पूर्व एचओडी 92 वर्षीय प्रो. आरएन शर्मा ने युवा सर्जनों के साथ अपने अनुभव साझा किए। प्रो. जीजे लंगर को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड, प्रो आरएन शर्मा को लिविंग लिजेंड अवार्ड के साथ प्रो. राजेंद्र प्रसाद, प्रो. राजेश गुप्ता, प्रो. निसार चौधरी, प्रो. फाजी परे को सम्मानित किया गया।