आरएस पुरा। सीमावर्ती गांव दबले में कांग्रेस ने सोमवार को बैठक कर डीडीसी चुनाव में मिली हार पर मंथन किया। बैठक में पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस प्रांत उपप्रधान रमण भल्ला मुख्य रूप से उपस्थित हुए। आरएस पुरा से पार्टी उम्मीदवार रहे रमेश लाल मोटन, ब्लॉक मीरां साहिब की उम्मीदवार चंद्रप्रभा तथा प्रदेश कांग्रेस सचिव पंडित पवन रैना के अलावा कई वरिष्ठ नेता भी बैठक में पहुंचे। भल्ला ने आगामी चुनावों के लिए तैयार रहने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी के कुछ नेताओं ने पार्टी उम्मीदवारों के खिलाफ ही प्रचार किया, जिस कारण कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने पार्टी हाईकमान से अपील की कि ऐसे नेताओं पर कार्रवाई की जानी चाहिए। जिला उपप्रधान सरदार रविंदर सिंह ने कहा की पार्टी के कुछ नेता पार्टी के खिलाफ काम नहीं करते तो कांग्रेस की जीत होती।
भल्ला ने कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को दिन-रात मेहनत करने की जरूरत है, आगामी विधानसभा चुनावों में बेहतर प्रदर्शन किया जा सके। उन्होंने डीडीसी चुनाव में पार्टी की तरफ से जो कमियां रही हैं, उन्हें दुरुस्त करने के लिए कहा। मौके पर पूर्व मंत्री चौधरी गारू राम, युवा कांग्रेस नेता सरदार खुशवंत सिंह, दौलतराम, जिला उपप्रधान सतपाल मांडी, ग्रामीण जिला उपप्रधान जंग बहादुर मन्हास, चरणजीत भगत आदि मौजूद रहे।