जम्मू। जम्मू-कश्मीर विधानसभा के अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर की अध्यक्षता में सोमवार को जम्मू में हुई सदन समिति की बैठक में विधानसभा के सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर चर्चा की गई। इसमें प्रमुख रूप से दोनों राजधानियों में विधायकों के ठहरने के लिए आवास सहित अन्य जरूरी मुद्दों पर बात की गई। सुझाव दिया कि नई व्यवस्था होने तक विधायकों को आवंटित करने के लिए सरकारी क्वार्टरों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए, ताकि सार्वजनिक बैठकों और विधायी सत्रों के दौरान उन्हें किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में विस्तृत चर्चा के दौरान विधायकों ने जम्मू/श्रीनगर में उनके लिए उपयुक्त आवास के प्रावधान के बारे में अपने सुझाव दिए। अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि आवास संबंधी मुद्दों सहित उनके सभी वास्तविक सुझावों को सरकार के समक्ष शीघ्र समाधान के लिए उठाया जाएगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इन मुद्दों का समयबद्ध तरीके से समाधान हो जाएगा। समिति के सदस्यों में विपक्ष के नेता सुनील कुमार शर्मा, गुलाम अहमद मीर, नजीर अहमद खान, सुरजीत सिंह सलाथिया, अली मोहम्मद डार, जावेद हसन बेग, चौधरी मोहम्मद अकरम और वहीद उर रहमान पारा के अलावा जम्मू-कश्मीर विधानसभा के सचिव मनोज कुमार पंडित और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।