जम्मू सड़क हादसा: दोस्त के घर गेम खेलने निकले थे तीन छात्र, रास्ते में डंपर ने मारी टक्कर, दो की मौत; एक गंभीर
जम्मू के रायपुर-बनतालाब क्षेत्र में डंपर की टक्कर से बाइक सवार तीन कॉलेज छात्रों में से तुषार सिंह और दक्ष धर की मौत हो गई, जबकि हर्ष रावल गंभीर रूप से घायल हो गया।
विस्तार
कॉलेज से लौटने के बाद घर से बाहर निकले बाइक सवार तीन छात्रों की रायपुर बनतालाब में डंपर से टक्कर हो गई। तुषार सिंह और दक्ष धर की मौत हो गई। उनका दोस्त हर्ष रावल गंभीर रूप से घायल है और जीएमसी जम्मू में भर्ती है। पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है। चालक भाग निकला है। एफआईआर दर्ज कर ली गई है। हादसे का कारण जानने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
हादसा वीरवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हुआ। एसपीएमआर कॉमर्स कॉलेज से लौटने के बाद तीनों जगती नगरोटा स्थित घर से बाइक पर बनतालाब की ओर निकले थे। तुषार तीसरे सेमेस्टर में पढ़ता था। मूल रूप से किश्तवाड़ में पाडर निवासी तुषार करीब आठ साल से परिवार के साथ जगती में रह रहा था। तुषार के पिता चैन सिंह एनजीओ के साथ काम करते हैं। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब डेढ़ बजे कॉलेज से लौटने के बाद वह दोस्त के घर गेम खेलने की बात कहकर निकला था। कुछ समय बाद एक फोन काॅल आया और हमें जीएमसी जम्मू बुलाया गया। वहां जाकर पता चला कि मेरे बेटे की सड़क हादसे में मौत हो गई है।
उन्होंने बताया कि हमें नहीं पता था कि वह दोस्त के घर जाने के बजाय बनतालाब चला जाएगा। दक्ष धर के पिता का निधन हो चुका है। मां श्रीनगर में बेटी के साथ रहती है जो सरकारी नौकरी करती है। हादसे के एक घंटे बाद उन्हें जानकारी दी गई। मां वीरवार शाम को श्रीनगर से जम्मू के लिए रवाना हो चुकी थीं। हादसे के संबंध में दोमाना पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज हुई है। पुलिस ने डंपर जब्त किया है। चालक भाग निकला है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं ताकि हादसे का कारण पता चल सके।
बेसुध हुए परिवार के सदस्य
जीएमसी जम्मू में शवगृह के बाहर तुषार के परिवार के सदस्य गम में डूबे रहे। मासी खुद को संभाल नहीं पा रही थीं। पिता चैन सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले घर में तुषार की बड़ी तस्वीर लगाई गई थी। उस तस्वीर का जिक्र आते ही मासी और ज्यादा भावुक हो गईं। उन्होंने कहा, उस फोटो को फाड़ दो, मैं उसे घर में जाकर उसे कैसे देखूंगी।