जम्मू-कश्मीर: उत्सव की तरह भाजपा मनाएगी मन की बात कार्यक्रम की 100वीं कड़ी, बूथ स्तर तक की गई है तैयारी
जम्मू शहर के अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम के पोस्टर, बैनर जगह-जगह लगाए गए हैं। ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग कार्यक्रम में भागीदारी करें।
विस्तार
भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो प्रसारण मन की बात की 100वीं कड़ी को जम्मू-कश्मीर में उत्सव की तरह मनाने की तैयारी पूरी कर ली है। 5500 से ज्यादा स्थानों पर सामूहिक तौर पर कार्यक्रम को सुना जाएगा। इसके लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना के अलावा सांसद, पूर्व विधायक, पदाधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्रों में बूथ स्तर पर सामूहिक तौर पर कार्यक्रम सुनने का दायित्व सौंपा गया है।
जम्मू शहर के अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम के पोस्टर, बैनर जगह-जगह लगाए गए हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग कार्यक्रम में भागीदारी करें। प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना ने दावा किया है कि प्रदेश के सभी 20 जिलों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम की 100वीं कड़ी रविवार 30 अप्रैल को सुबह 11 बजे से रेडियो पर प्रसारित होगी।
इसे प्रदेश के कोने-कोने में उत्सव की तरह सुना जाएगा। इसके अलावा अन्य संगठनों व सरकार कर तरफ से भी कार्यक्रम सुनने की व्यवस्था की गई है।
महल की दीवार पर बताया मन की बात का सफर
प्रधानमंत्री के मन की बात के 100वें एपिसोड के पूरा होने के उपलक्ष्य पर शनिवार शाम को रामनगर के महल में पुरातत्व विभाग की तरफ से कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यक्रम देखने पहुंचे लोगों को मन के बात से संंबंधित जानकारी दी गई।
शाम करीब सात बजे कार्यक्रम की शुरूआत हुई। इसमें महल की दीवार पर प्रोजेक्टर के जरिए वीडियो चला कर विद्यार्थियों व लोगों को मन की बात के 100वें एपिसोड तक पहुंचने के सफर के बारे में जानकारी दी गई। लोगों को बताया कि किस प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात के जरिए लोगों के साथ संपर्क कर रहे हैं और देश को एकता के सूत्र में बांध रहे हैं।
संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में सुनी जाएगी मन की बात
राज्यसभा सांसद गुलाम अली खटाना ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम की 100वीं कड़ी को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में भी सुना जाएगा। उन्होंने प्रदेश के लोगों से अपील की है कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात को रविवार को सुनें। खटाना के अनुसार इस कार्यक्रम में पीएम मोदी सफल लोगों की वृतांत सुनाकर देशवासियों का मनोबल बढ़ाने का काम भी कर रहे हैं।