J&K: सुरक्षा बलों ने उड़ी सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश को किया नाकाम, दो आतंकी ढेर
घाटी में सुरक्षा बलों को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। बता दें कि बारामुला के उड़ी सेक्टर में सुरक्षा बलों ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए दो आतंकियों को मार गिराया है। जानकारी के मुताबिक उड़ी सेक्टर में कुछ आतंकी घुसपैठ की फिराक में थे लेकिन समय रहते सीमा पर तैनात जवानों ने उनकी हरकत को भांप लिया और उनकी घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए दो आतंकियों को मार गिराया।
डीजीपी एसपी वैद के मुताबिक मारे गए आतंकी पाकिस्तान की बार्डर एक्शन टीम का हिस्सा थे। दोनों ओर से हुई गोलाबारी में भारतीय सुरक्षा बलों की ओर से किसी भी प्रकार की नुकसान की कोई खबर नही आई है। आतंकियों के मारे जाने के बाद सीमा से सटे इलाके में सुरक्षा बलों ने आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। इसके साथ ही घटना के बाद बार्डर पर भी अलर्ट कर दिया गया है।
हालांकि आतंकियों के पास से बरामद सामान से जुड़ी अभी कोई भी आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। गौरतलब है कि पिछले दिनों कुपवाड़ा में भी भारतीय सुरक्षा बलों ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए एक आतंकी को मार गिराया था। बाद में मारे गए आतंकी की पहचान जैश के आतंकी के रूप में हुई थी।
Infiltration bid foiled in J&K's Uri sector. Two terrorists killed, operation underway pic.twitter.com/Tk6TRB1LQK
— ANI (@ANI) November 5, 2017
ये भी पढ़ें- EXCLUSIVE: कश्मीर में बर्फ गिरने से पहले आतंकी दे सकते हैं किसी बड़े हमले को अंजाम
बता दें कि शुक्रवार को उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में माछिल सेक्टर में एक आतंकी को घुसपैठ के दौरान मार गिराया गया था। मारे गए आतंकी के पास से एक हथियार भी बरामद हुआ था। उस वक्त भी सेना ने आशंका जताई थी कि घुसपैठ कर रहे बाकी आतंकी या तो वापस लौटने में कामयाब हुआ है या फिर कहीं जंगलो में ही पनाह लिए बैठा है।