Election 2024: जम्मू लोकसभा सीट के लिए मतगणना की तैयारी, 31 को ट्रायल, 400 कर्मी होंगे शामिल, बढ़ी धड़कनें
जम्मू संसदीय सीट के लिए एमएएम कॉलेज जम्मू और पालीटेक्निक विक्रम चौक में 31 मई को ट्रायल के दौरान मतगणना प्रक्रिया शुरू होगी। इसमें करीब 400 कर्मचारी शामिल होंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू-कश्मीर की सभी पांच संसदीय सीटों पर मतदान के बाद मतगणना की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आगामी चार जून को संबंधित संसदीय क्षेत्रों में सुबह 8 बजे से मतगणना प्रक्रिया शुरू होगी।
जम्मू संसदीय सीट के लिए एमएएम कॉलेज जम्मू और पालीटेक्निक विक्रम चौक में 31 मई को ट्रायल के दौरान मतगणना प्रक्रिया शुरू होगी। इसमें करीब 400 कर्मचारी शामिल होंगे। मतगणना के लिए कुल 2200 कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया है, जिसमें 1500 मतगणना वाले दिन ड्यूटी पर रहेंगे और बाकी स्टैंडबाय रखे जाएंगे।
जम्मू संसदीय सीट के लिए एमएएम कॉलेज में सात और पालीटेक्निक में 11 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतगणना की जाएगी। इसमें पालीटेक्निक में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए कर्मचारियों का अलग से ड्रेस कोड होगा, ताकि मतगणना के दौरान किसी तरह की कोई गलती न हो।
इसी तरह से एमएएम कॉलेज में भी कर्मचारियों के लिए अलग-अलग ड्रेस कोड रहेगा। एक चुनाव अधिकारी ने बताया कि एमएएम कॉलेज और पालीटेक्निक में कुल 265 टेबल स्थापित होंगे। इसके अलावा सेवा मत के लिए 35 टेबल स्थापित होंगे। प्रत्येक टेबल पर एक मतगणना सहायक, मतगणना सुपरवाइजर, माइक्रो पर्यवेक्षक मौजूद रहेंगे। एआरओ अलग से टेबल पर मौजूद होंगे। मतगणना ट्रायल के दौरान स्ट्रांग रूम से मतगणना केंद्रों तक ईवीएम और दूसरी चुनावी सामग्री लाई जाएगी और वापस रखी जाएगी।
ट्रायल निर्धारित तिथि को सुबह 8 बजे होगा और इसके लिए कर्मचारियों को सुबह 6 बजे रिपोर्ट करने को कहा गया है। इस दौरान सभी प्रशिक्षित कर्मचारियों को मौजूद रहने को कहा गया है। जम्मू संसदीय सीट के लिए 37404 सेवा मतदाता पंजीकृत हैं।
मतगणना के करीब आने पर धड़कने होने लगीं तेज
मतगणना का दिन करीब आने के साथ राजनेताओं और उनके समर्थकों की धड़कने तेज होने लगी हैं। इसमें जम्मू कश्मीर की कई सीटों पर मुकाबला कड़ा होता दिख रहा है। खासतौर पर कश्मीर केंद्रित सीटों पर कई दिग्गजों में मुकाबला है। इस बार मतगणना के दौरान कई स्मीकरण बदल सकते हैं। वहीं, प्रदेश की सभी पांच सीटों पर मतदान के बाद राजनेता और उनके समर्थक आराम मूड में दिख रहे हैं। कईयों ने पर्यटन स्थलों का रुख किया है। इसके साथ मतगणना के लिए राजनीतिक दलों में भी तैयारियां की जा रही हैं। मतगणना के दौरान मतगणना केंद्रों पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे, जबकि केंद्रों के बाहर समर्थकों का जमावड़ा रहेगा।