जम्मू-कश्मीर: 'भाजपा ने रुहुल्ला को किया गुमराह', सुरिंदर चौधरी बोले- एनसी को तोड़ने में जुटी बीजेपी
जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने आगा रुहुल्ला के इस्तीफे के बाद भाजपा पर उन्हें गुमराह करने और नेशनल कॉन्फ्रेंस को कमजोर करने की कोशिश का आरोप लगाया।
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने भाजपा पर नेशनल कॉन्फ्रेंस को कमजोर करने और पार्टी में फूट डालने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सांसद आगा सैयद रुहुल्ला मेहदी को गुमराह किया है।
बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में उपमुख्यमंत्री ने भाजपा नेता राम माधव के बयान का हवाला देते हुए कहा कि रुहुल्ला के कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को राम माधव ने अपनी पार्टी का बताया था। ऐसे में भाजपा को इस मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। आगा रुहुल्ला एक अच्छे और सम्मानित व्यक्ति हैं, लेकिन भाजपा ने उन्हें गुमराह किया है। चौधरी ने भाजपा से पूछा कि अगर रुहुल्ला उनके साथ थे तो इस पूरे घटनाक्रम को लेकर इतना राजनीतिक ड्रामा क्यों किया जा रहा है।
उन्होंने भाजपा के नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा से भी इस मामले पर जवाब देने को कहा। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद, आगा रुहुल्ला और सांसद इंजीनियर राशिद के संभावित नए राजनीतिक गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर चौधरी ने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 68 सड़कों का शिलान्यास भी किया। इन सड़कों की कुल लंबाई 495.48 किलोमीटर है और इनके निर्माण पर 1,164.06 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना से खासकर ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में सड़क संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।