{"_id":"65b0b88687f0d3215f07bba5","slug":"cold-wave-intensifies-in-jammu-kashmir-cloudy-towards-afternoon-with-light-snow-2024-01-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"Weather: श्रीनगर से भी ठंडा जम्मू, प्रदेश में आज ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Weather: श्रीनगर से भी ठंडा जम्मू, प्रदेश में आज ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार
Thu, 25 Jan 2024 11:50 AM IST
kumar गुलशन कुमार
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
Published by: kumar गुलशन कुमार
Updated Thu, 25 Jan 2024 11:50 AM IST
सार
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने गुरुवार को बादल छाए रहने और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी के आसार जताए हैं। वहीं, 26 जनवरी, शुक्रवार को कुछ इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
विज्ञापन
जम्मू में छाया कोहरा
- फोटो : अभिषेक बड़ू
विस्तार
जम्मू कश्मीर में मौसम की मार से हर कोई बेहाल है। जम्मू शहर में कोहरा छाया हुआ है। हालांकि 12 बजे के करीब हल्की धूप निकली। लेकिन, लोगों को कड़ाके की ठंज का असर हो रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने गुरुवार को बादल छाए रहने और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी के आसार जताए हैं। वहीं, 26 जनवरी, शुक्रवार को कुछ इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
बुधवार को जम्मू में अधिकतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि श्रीनगर में अधिकतम तापमान 12.5 डिग्री रहा। जम्मू में न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री रहा, जबकि श्रीनगर में माइनस 3.6 डिग्री रहा।
विज्ञापन
वहीं, बीती रात बांदीपोरा जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के बादीपोरा में न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से लगभग आठ डिग्री नीचे गिर गया। अधिकारियों ने बताया कि बांदीपुरा में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.9 डिग्री सेल्सियस नीचे, दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में शून्य से 7.3 डिग्री सेल्सियस नीचे और शोपियां में शून्य से 6.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
कोकरनाग शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस नीचे और कुपवाड़ा में शून्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अधिकारियों ने यहां कहा कि कश्मीर में शुष्क और काफी हद तक बर्फ रहित सर्दी के कारण रातें ठंडी हो गई हैं और सामान्य दिनों की तुलना में गर्म हो गया है क्योंकि श्रीनगर में दिन का तापमान साल के इस समय के सामान्य तापमान से आठ डिग्री अधिक है।
कश्मीर लंबे समय से सूखे के दौर से गुजर रहा है और दिसंबर में बारिश में 79 फीसदी की कमी दर्ज की गई, जबकि जनवरी के पहले तीन हफ्तों में घाटी के अधिकांश हिस्सों में कोई बारिश नहीं हुई है। कश्मीर के अधिकांश मैदानी इलाकों में बर्फबारी नहीं हुई है, जबकि घाटी के ऊपरी इलाकों में सामान्य से कम मात्रा में बर्फबारी हुई है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने 25 जनवरी से 31 जनवरी तक घाटी में कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी की संभावना जताई है। कश्मीर वर्तमान में 40 दिनों की कठोर सर्दियों की अवधि "चिल्ला-ए-कलां" की चपेट में है।
इस अवधि के दौरान बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है और अधिकांश क्षेत्रों, विशेषकर ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी होती है। लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। 'चिल्ला-ए-कलां' 31 जनवरी को खत्म हो जाएगा। हालांकि, उसके बाद 20 दिन की 'चिल्ला-ए-खुर्द' (छोटी ठंड) और 10 दिन की 'चिल्ला-ए-बच्चा' के साथ ठंड की स्थिति जारी रहेगी।
मंगलवार को जम्मू से जाने वाली अंडमान, झेलम, एमसीटीएम और कालका ट्रेनें रद्द रहीं। वहीं जम्मू आने वाली और जम्मू से जाने वाली पांच उड़ानें भी रद्द रहीं, जबकि चार देरी से पहुंचीं। रद्द होने वाली उड़ानों में जम्मू-श्रीनगर-जम्मू, दिल्ली- जम्मू- श्रीनगर, श्रीनगर-जम्मू-दिल्ली और दिल्ली-जम्मू-श्रीनगर उड़ान शामिल हैं। वहीं देरी से आने वाली उड़ानों में दिल्ली-जम्मू-दिल्ली, अहमदाबाद-जम्मू-अहमदाबाद, मुंबई-जम्मू-श्रीनगर हैं।