जम्मू। जम्मू संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार कांग्रेस शासन की पहचान रही है। मोदी सरकार के दस वर्षों के कार्यकाल में देश के नागरिकों का वास्तविक विकास हुआ है। आजादी के बाद पहली बार जम्मू-कश्मीर के लोगों ने देखा है कि विकास का मतलब क्या है। इस प्रदेश को सड़क, रेल, हवाई संपर्क, बिजली परियोजनाओं, स्वास्थ्य और शिक्षा के प्रतिष्ठित संस्थानों की मेगा परियोजनाएं मिली हैं।
जुगल ने शनिवार को गजनसू, फ्लां मंडाल, गलवाडे, गैतला, लाल्याल, कानाचक्क, कल्याणपुर, झिड़ी, शामेचक्क, जसवां, हीरेचक्क, हलका, मढ़, नागबनी, परवाह, पटयाली चक, सनरामपुर, पतन्याल आदि में रोड शो और सार्वजनिक बैठकों में कांग्रेस को लताड़ा। प्रधान मंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के बाद नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार का कार्यकाल बेहद सराहनीय रहा है। जुगल ने कहा कि जम्मू कश्मीर में शांति और सामान्य स्थिति की वापसी हुई है। यहां 90 के दशक में छद्म युद्ध जैसे हालात थे। भाजपा ने पिछले दस वर्षों के दौरान प्रतिबद्धता के साथ जम्मू-कश्मीर के लोगों की सेवा की है। इस दौरान पूर्व मंत्री सुखनंदन कुमार ने रोड शो के दौरान कहा कि सीमावर्ती लोगों और किसानों में काफी उत्साह है। इस दौरान विकास चौधरी, ओमी खजूरिया, राजीव शर्मा, कुलदीप मगोत्रा आदि मौजूद रहे।