आतंकवाद विरोधी दिवस पर सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी, कुपवाड़ा में तीन आतंकी गिरफ्तार
आतंकवाद विरोधी दिवस पर जम्मू कश्मीर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में तीन आतंकवादी पकड़े गए हैं। पकड़े गए आतंकियों से पूछताछ जारी है। इन आतंकियों के पकड़े जाने के बाद कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। इस ऑपरेशन को सेना की 28 आरआर द्वारा सफल बनाया गया।
बता दें कि कुपवाड़ा में सुरक्षाबलों को सूचना मिली कि सोगम इलाके के जंगल क्षेत्र में आतंकी मौजूद हैं। आनन-फानन में जवानों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान तीनों आतंकी पकड़े गए। कुछ दिन पहले इन तीनों की तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल हुई थीं। इसके बाद से सुरक्षाबल सतर्क थे।
एसएसपी कुपवाड़ा ने बताया कि बीते दिनों सोशल मीडिया में एक तस्वीर वायरल हुई थी। जिसमें इलाके के तीन युवक हथियारों के साथ दिख रहे थे। साथ ही पाया गया कि तीनों युवक आतंकवाद के रास्ते पर जा चुके हैं। इस मामले में उनके परिवार से संपर्क किया गया। इसके बाद मिली सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों की ओर संयुक्त ऑपरेशन चलाया गया और इन्हें पकड़ने में सफलता मिली।
यह भी पढ़ेंः ध्वस्त हुए इस ठिकाने में ही था जुनैद, आतंकियों के मारे जाने के बाद डाउनटाउन में पत्थरबाजी
इस बार बंद कमरे में मनाया जाएगा आतंकवाद विरोधी दिवस
हर साल मनाया जाने वाला आतंकवाद विरोधी दिवस इस बार 21 मई को बंद कमरे में मनाया जाएगा। कोरोना महामारी के मद्देनजर इस दिवस पर सभी निवारक उपाय किए जाएंगे। केंद्रीय गृह मंत्रालय के सर्कुलर के अनुसार प्रस्तावित किया गया है कि 21 मई को सभी सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक उपक्रमों और अन्य सार्वजनिक संस्थानों में आतंकवाद विरोध की प्रतिज्ञा ली जा सकती है।
सर्कुलर प्रतिभागियों और आयोजकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए और कोरोना महामारी के मद्देनजर सार्वजनिक सभा से बचने के लिए की हिदायत दी गई है। इसके साथ ही अधिकारियों को सलाह दी गई है कि वे अपने कमरों अथवा कार्यालयों में आतंकवाद विरोध की प्रतिज्ञा लें।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.