जम्मू कश्मीर: इंडिया अलायंस को लेकर महबूबा मुफ्ती ने स्पष्ट किया रुख, कहा- गठबंधन की एकता के लिए प्रतिबद्ध
महबूबा मुफ्ती ने एक्स पर पोस्ट साझा कर कहा कि पीडीपी इंडिया गठबंधन के साथ है और वे गठबंधन की एकता की प्रतिबद्धता पर कायम हैं।
विस्तार
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के इंडिया गठबंधन से अलग लोकसभा चुनाव में अपने उम्मीदवारों को उतारने की खबरों को लेकर महबूबा मुफ्ती ने अपना रुख स्पष्ट किया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट साझा कर कहा कि पीडीपी इंडिया गठबंधन के साथ है और वे गठबंधन की एकता की प्रतिबद्धता पर कायम हैं।
इससे पहले खबरें आईं थीं कि पीडीपी प्रदेश की लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने जा रही है। इस बयान में यह स्पष्ट नहीं किया गया पार्टी स्वतंत्र रूप से अपने उम्मीदवार उतारेगी या इंडिया गठबंधन के साथ होकर लोकसभा चुनाव लड़ा जाएगा।
इस बयान को पीडीपी और इंडिया गठबंधन के अलग होने की तरफ देखा जा रहा था। क्योंकि ऐसा ही नपातुला बयान नेशनल कांफ्रेस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ली भी दे चुके हैं, जिसके बाद उमर अब्दुल्ला को प्रेस वार्ता कर बात को स्पष्ट करना पड़ा।
बहरहाल, अब महबूबा मुफ्ती ने पोस्ट कर यह स्पष्ट कर दिया है कि उनकी पार्टी गठबंधन के साथ है। हालांकि प्रदेश में लोकसभा चुनाव को लेकर क्या रणनीति बनाई जा रही है, अभी इस बारे में स्थिति साफ नहीं की गई है।
Disregard the fabricated news about PDP breaking ties with the INDIA alliance. We stand firm in our commitment to unity and our alliance. Don't be misled by this malicious misinformation! #Unity #INDIAAlliance
— J&K PDP (@jkpdp) February 19, 2024
इससे पहले नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला भी जम्मू कश्मीर में सभी सीटों पर स्वतंत्र चुनाव लड़ने की बात कह चुके हैं। उनके इस बयान के बाद उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार वार्ता कर स्पष्ट किया था कि यह पार्टी कार्यकर्ताओं का दृष्टिकोण है। उनकी पार्टी इंडिया गठबंधन के साथ है।
उमर अब्दुल्ला ने कश्मीर में सीट बंटवारे की संभावना से इनकार किया है। उनकी पार्टी ने 2019 के चुनावों में कश्मीर की तीनों लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। उमर अब्दुल्ला ने कहा कि उनकी पार्टी जम्मू क्षेत्र की दो सीटों और लद्दाख की एक सीट पर समझौते के लिए तैयार है, जो वर्तमान में भाजपा के पास हैं।
गौरतलब है कि 2019 में जम्मू कश्मीर को दो अलग केंद्र शासित प्रदेश बांटा गया है। इसमें यूटी जम्मू कश्मीर और यूटी लद्दाख शामिल है। वर्तमान में जम्मू कश्मीर में पांच लोकसभा सीटें हैं और एक लोकसभा सीट लद्दाख में है। इसके बाद जम्मू कश्मीर में परिसीमन कराया गया। इसमें जम्मू के पीर पंजाल क्षेत्र का पुंछ और राजोरी के कई इलाकों को अनंतनाग संसदीय सीट के साथ जोड़ दिया गया है। ये क्षेत्र पहले जम्मू संसदीय सीट का हिस्सा थे।