Target Killing: कश्मीर में फिर आतंकियों की कायराना हरकत, हिंदू महिला शिक्षक की गोली मारकर की हत्या
कुलगाम में एक शिक्षिका पर आतंकियों ने हमला किया है। गंभीर रूप से घायल शिक्षिका को अस्पताल ले जाया गया लेकिन, उसने दम तोड़ दिया है। शिक्षिका सांबा की रहने वाली थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर से आतंकियों की कायराना हरकत सामने आई है। आतंकियों ने कुलगाम जिले के गोपालपोरा इलाके में एक हाईस्कूल की हिंदू महिला शिक्षक पर आतंकियों ने हमला कर दिया। गोली लगने से महिला शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षाबल के जवान मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। आतंकी की तलाश की जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुलगाम के गोपालपोरा इलाके में मंगलवार को एक शिक्षिका पर आतंकियों ने गोलीबारी की।
शिक्षिका की पहचान रजनी पत्नी राज कुमार के तौर पर हुई है। वह जम्मू संभाग के जिला सांबा की रहने वाली थी। पुलिस का कहना है कि इस जघन्य आतंकी अपराध में शामिल आतंकियों की जल्द ही पहचान कर उन्हें मार गिराया जाएगा।
उमर अब्दुल्ला ने शिक्षिका की हत्या पर जताया दुख, सरकार को घेरा
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेशनल कांफ्रेंस नेता उमर अब्दुल्ला ने शिक्षिका की हत्या पर दुख जताया। उमर अब्दुल्ला ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, 'बेहद दुखद है। निर्दोष नागरिकों पर किए गए हालिया हमलों की एक लंबी सूची में यह एक और टारगेट किलिंग है। निंदा और शोक के शब्द खोखले होते जा रहे हैं। सरकार से बस आश्वासन ही मिल रहा है कि वो स्थिति सामान्य होने तक चैन से नहीं बैठेंगे।'
जम्मू-कश्मीर में एक महिला शिक्षिका हत्या के मामले में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि आतंकवाद एक दिन में खत्म नहीं होगा और चरमपंथ के खिलाफ जारी लड़ाई में जीत हासिल करने का भरोसा जताया। जयशंकर ने कहा कि केंद्र सरकार कई वर्षों से चल रहे आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई जीतने के लिए आश्वस्त है। उन्होंने कहा, 'आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई, जो कई सालों से चली आ रही है, जारी रहेगी। आतंकवाद एक दिन में खत्म नहीं होगा। लेकिन, आतंकवादी भी जानते हैं कि वर्तमान सरकार पिछली सरकारों की तरह नहीं है।'
कुलगाम के विभिन्न कार्यालयों के कर्मचारियों, ट्रेडर्स एसोसिएशन और सिविल सोसाइटी के सदस्यों ने कैंडल मार्च निकाला। मार्च के जरिए लोगों ने घाटी में आतंकवादियों द्वारा नागरिक हत्याओं के खिलाफ और पीड़ित परिवारों के साथ एकजुटता का संदेश दिया।