राजोरी। शुक्रवार देर शाम को शुरू हुई मूसलाधार बारिश का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। जिले के पीर पांचाल के ऊंचे पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश के चलते जहां आम जनजीवन बुरी तरह से अस्तव्यस्त हो गया। दूसरी ओर बारिश से बढ़ी ठंड से लोगों का हाल बेहाल हो गया।
राजोरी शहर व आसपास के मैदानी इलाकों में हो रही बारिश के चलते लोगों को कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। बारिश के चलते जहां एक तरफ बाजार और सड़कों में सन्नाटा पसरा तो वहीं लोग ठंड से बचने के लिए घरों में ही दुबके रहे। नालियों का पानी सड़कों पर बहने से राहगीरों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। उधर पहाड़ी इलाकों से आ रही सर्द हवाओं ने ही भी शहर में सर्दी को बढ़ा दिया है। जिले के पहाड़ी इलाकों बुद्धल, थन्नामंडी, दरहाल, कोटरंका के ऊंचे पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी और ओले गिरने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। पहाड़ी इलाकों में ठंड महसूस की जा रही है। उक्त पहाड़ोें पर कहीं एक ओर कहीं आधा फुट बर्फ गिरने के समाचार मिल रहे हैं। निचले इलाकों में बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है। पहाड़ों पर बर्फ और बारिश के बाद लोगों को बिजली और पानी की किल्लत का भी सामना करना पड़ रहा है। पहाड़ी इलाकों में बिजली गुल है और उसके बाद पानी भी लोगों को समय पर नहीं मिल रहा है, जिसके चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। समाचार लिखे जाने तक बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा।