कठुआ: हीरानगर में गला रेत कर व्यक्ति की हत्या, परिजनों में रोष, राजमार्ग और रेल ट्रैक किया जाम
हीरानगर के गांव में मेला में बीती रात घर से कुछ दूरी पर एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थिति में गला रेत कर हत्या कर दी गई। इस वारदात को लेकर लोगों में भारी रोष है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू संभाग के जिला कठुआ की तहसील हीरानगर में एक हत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि गांव में मेला में बीती रात घर से कुछ दूरी पर एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थिति में गला रेत कर हत्या कर दी गई। इसे लेकर परिजनों और ग्रामीणों में भारी रोष है। सोमवार को लोग मेला मोड़ पर एकत्रित हुए। उन्होंने नारेबाजी करते हुए जम्मू-पठानकोट हाईवे जाम कर दिया। उधर, कुछ ग्रामीण रेल की पटरी पर भी जमा हुए और उसे जाम कर दिया।
लोगों के रोष को देखते हुए पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। लोगों को समझाने के प्रयास किए गए। स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से राजमार्ग और रेल ट्रैक से हटने की अपील की। साथ ही मामले में कड़ी कार्रवाई करने की बात कही। करीब दो घंटों के बाद लोगों ने रेल ट्रैक को बहाल कर दिया। लेकिन, वे हाईवे पर डटे रहे।
जानकारी के अनुसार, हर रोज की तरह रविवार शाम गांव मेला में अपनी दवाईयों की दुकान बंद कर अमरजीत शर्मा घर पहुंचे। इसके बाद रात में टहलने के लिए अपनी गोशाला की ओर बढ़ गए। कुछ समय बीतने पर जब परिजनों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की तो उन्हें वापस कोई जवाब नहीं मिला। चिंता में डूबे परिजन उनकी तलाश के लिए गोशाला के पास पहुंचे तो उनके होश उड़ गए।
वहां दूर झाड़ियों में उनका फोन पड़ा मिला। साथ ही खून से लथपथ अमरजीत पाए गए। उन्हें तुंरत अस्पातल ले जाया गया। साथ ही पुलिस को भी सूचित किया गया। लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। वहीं, मामले की जानकारी मिलते ही ग्रामीण भी अस्पताल पहुंचे। लोगों ने इस पर कड़ा रोष जताया। इसके बाद सुबह एक बार फिर प्रदर्शन शुरू हुआ।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनके गांव में पहले कभी ऐसी घटना नहीं घटी है। इस हत्या में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्हें भी फांसी की सजा दी जानी चाहिए। इस इलाके का भारत-पाकिस्तानी सीमा के करीब होने के चलते उन्होंने आतंकी वारदात होने का भी शक जताया। हत्या के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। उन्होंने अमरजीत के हत्यारों के जल्द सलाखों के पीछे करने की मांग की है।