बसोहली। पंचायत सननघाट में ब्लॉक दिवस का आयोजन किया गया। अध्यक्षता एडीसी बसोहली तिलक राज थापा ने की। इस दौरान ग्रामीण विकास विभाग धार महानपुर के बीडीओ अनुपस्थित रहे। एडीसी बसोहली ने नाराजगी जताते हुए बीडीओ की अप्रैल माह की वेतन को अगले आदेश तक रोकने के निर्देश दिए।
धार झेंखर के वार्ड संख्या दो के पूर्व पंच कुलदीप राज ने सननघाट से लेकर खराना तक सड़क का निर्माण करवाने की मांग की। हाई सेकेंडरी स्कूल सननघाट में 10 कमरे बनने के काम को जल्द शुरू कराने की मांग की। वही झेंखर के लोगों ने एडीसी को बताया कि कई योग्य लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला है। वार्ड 2 की पंच सुनीता देवी ने बताया कि उनके वार्ड में आज तक प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कोई भी घर नहीं बना है। लोगों ने एडीसी से मांग की कि उनकी पंचायत में ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जितने भी विकास कार्य करवाए गए हैं उनकी जांच की जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जो मकान बनवाए गए हैं उनकी भी जांच करवाई जाए। एडीसी ने कहा इसके लिए कमेटी का गठन किया जाएगा जो संपूर्ण विकास कार्यों और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए घरों की जांच करेगी। इस अवसर पर तहसीलदार बसोहली अमन आनंद, लोक निर्माण विभाग की एक्सईएन भरत गुप्ता, पीएमजीएसवाई के एईई दीपक कोहली, एसडीपीओ बसोहली शाजिया मीर और अन्य उपस्थित रहे।