रामपुर बुशहर।
महात्मा गांधी अस्पताल खनेरी में काफी समय से चल रही एक्सरे मशीन की खराबी और उससे उभरी दिक्कतों का निराकरण कांग्रेस सरकार ने कर दिया है। हाल ही में रामपुर अस्पताल में नई एक्सरे और अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित कर दी गई है, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी। यह बात ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रामपुर की बैठक में अध्यक्ष लाल चंद शर्मा ने कही। बैठक में इसके लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और विधायक नंद लाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही संबंधित अधिकारियों से मिलकर रामपुर में बनने वाली सब्जी मंडी के निर्माण में तेजी से कार्य करने की मांग रखी जाएगी। बैठक में ब्लॉक कांग्रेस ने रामपुर क्षेत्र में कांग्रेस को मजबूत करने बारे रणनीति पर मंथन किया। ब्लॉक कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी देश रतन गौतम ने बताया कि रामपुर क्षेत्र और इसके चारों ओर जो भी विकास हुआ है, जैसे स्कूल, अस्पताल, सड़क सहित अन्य कार्य कांग्रेस सरकार और पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह की देन है। वहीं बैठक में ट्रामा सेंटर की समस्या पर भी चर्चा की गई। चर्चा के दौरान इस मुद्दे को भी शीघ्र सरकार के संज्ञान में लाने की बात कही। बैठक में रामपुर स्थित सरकारी कार्यालयों और संस्थानों में रिक्तियों को शीघ्र भरने की भी मांग रखी। अध्यक्ष लाल चंद शर्मा ने कहा कि रामपुर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों में तेजी लाने को लेकर प्रतिनिधिमंडल स्थानीय विधायक की अध्यक्षता में जल्द मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से मिलेगा। इस मौके पर डॉ. केदार चौहान, राजीव ठाकुर, रिपुदमन कंवर, अनिरुद्ध बिष्ट, राजेश लारजू, अधिवक्ता डीडी कश्यप, विशेषर लाल, जानकीदास कपूर, सोहन लाल जोशी, तेजू राम, रतन डोगरा, कृष्ण कुमार और हरदयाल ठाकुर सहित अन्य मौजूद रहे।