कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में विशेषज्ञ चिकित्सक जटिल ऑपरेशन भी कर रहे हैं। इससे अब मरीजों को मेडिकल कॉलेजों में जाने से राहत मिल रही है। अस्पताल में ऑपरेशन होने से मरीजों और परिजनों को उपचार पर अतिरिक्त आर्थिक खर्च भी नहीं करना पड़ रहा है। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में हड्डी रोग से ग्रसित 64 साल की बुजुर्ग महिला का ऑपरेशन किया गया। महिला का टोटल नी-रिप्लेसमेंट (घुटना बदलना) किया गया है। अब महिला ऑपरेशन के बाद स्वस्थ है। इससे पहले भी विशेषज्ञ चिकित्सक इस तरह के ऑपरेशन कर चुके हैं। इससे मरीजों को मर्ज से राहत मिल रही है। बुजुर्ग महिला मरीज निर्मला देवी जिला शिमला के कोटगढ़ गांव की रहने वाली हैं।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार मरीज निर्मला देवी काफी समय से घुटने में तेज दर्द के कारण परेशान थीं। उन्हें चलने-फिरने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कुल्लू अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया। डॉक्टरों ने उन्होंने टोटल नी-रिप्लेसमेंट करने के लिए कहा। मरीज और परिजनों की सहमति के बाद ऑपरेशन किया गया, जो पूरी तरह से सफल रहा। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. संतुष्ट शर्मा ने कहा कि टोटल नी-रिप्लेसमेंट का ऑपरेशन जटिल प्रक्रिया वाला है, लेकिन बुजुर्ग महिला का ऑपरेशन सफल रहा है। वहीं, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नरेश चंद ने कहा कि कुल्लू अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मरीजों के उपचार के लिए तत्पर है और इसका फायदा मरीजों को मिल रहा है।